Automobile Desk : भारत और भूटान के बीच मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों और ई-मोबिलिटी के क्षेत्र में सहयोग को एक नया आयाम मिला है। भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने अपनी दो दिवसीय आधिकारिक थिम्फू यात्रा के दौरान भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे को ‘मेड इन इंडिया’ महिंद्रा XEV 9e की 54 यूनिट्स औपचारिक रूप से सौंपीं। ये सभी प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी भूटान की शाही सरकार के आधिकारिक वाहनों के काफिले में शामिल की गई हैं। इस डिलीवरी को भूटान के वित्त मंत्रालय के ‘डिपार्टमेंट ऑफ प्रोक्योरमेंट एंड प्रॉपर्टीज’ को सिंज्ये एजेंसीज के जरिए पूरा किया गया।

विदेश मंत्री ने भूटान की पर्यावरण-अनुकूल परिवहन नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि भारत सतत विकास और ग्रीन एनर्जी के लक्ष्यों को हासिल करने में भूटान का निरंतर सहयोग करता रहेगा। थिम्फू में आयोजित इस हैंडओवर समारोह के साथ ही दोनों देशों के बीच ऊर्जा विकास और कनेक्टिविटी को लेकर भी गंभीर बातचीत हुई।
INGLO प्लेटफॉर्म और दमदार परफॉर्मेंस
भूटान सरकार को डिलीवर की गई Mahindra XEV 9e का ‘Pack Two’ वेरिएंट है। यह गाड़ियां किसी पारंपरिक आईसीई मॉडल का इलेक्ट्रिक रूपांतरण नहीं हैं, बल्कि महिंद्रा के विशेष INGLO डेडिकेटेड ईवी आर्किटेक्चर पर तैयार की गई हैं। कार में 59 kWh क्षमता का LFP बैटरी पैक दिया गया है, जो रियर एक्सल पर स्थित परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर के साथ मिलकर काम करता है। यह रियर-व्हील-ड्राइव (RWD) सेटअप 228 bhp की अधिकतम पावर और 380 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। स्पीड के मामले में यह एसयूवी महज 8.3 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। इसमें चालकों के लिए रेंज, एवरीडे और रेस जैसे तीन ड्राइविंग मोड्स भी दिए गए हैं।
चार्जिंग क्षमता और ड्राइविंग रेंज
लंबी दूरी के सफर को आसान बनाने के लिए 59 kWh बैटरी वाला यह वेरिएंट MIDC-सर्टिफाइड 542 किमी की ड्राइविंग रेंज प्रदान करता है। चार्जिंग तकनीक की बात करें तो यह एसयूवी 140 kW DC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। अनुकूल परिस्थितियों में इसे महज 20 मिनट के भीतर 20 से 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है। इसके अलावा, सामान्य एसी चार्जिंग विकल्पों में 11.2 kW चार्जर से लगभग 6 घंटे और 7.2 kW चार्जर से करीब 8.7 घंटे में फुल चार्जिंग हासिल की जा सकती है।
डिजाइन, इंटीरियर और हाई-टेक फीचर्स
महिंद्रा XEV 9e का बाहरी ढांचा बोल्ड और फ्यूचरिस्टिक एसयूवी-कूपे स्टाइल में तैयार किया गया है। इसमें वर्टिकल एलईडी DRLs, बाई-एलईडी प्रोजेक्टर हेडलाइट्स, बोनट पर रोशनी वाला इंफिनिटी लोगो, फ्लश डोर हैंडल्स, 19-इंच के अलॉय व्हील्स और रियर प्रोफाइल में कनेक्टेड एलईडी लाइट बार के साथ ट्विन-पॉड स्पॉइलर दिया गया है।
केबिन के भीतर प्रीमियम सॉफ्ट-टच लेदरेट मटीरियल वाला डार्क डुअल-टोन इंटीरियर मिलता है। डैशबोर्ड की मुख्य विशेषता इसकी ट्रिपल 12.3-इंच स्क्रीन सेटअप है, जिसमें डिजिटल क्लस्टर, सेंट्रल इंफोटेनमेंट और फ्रंट पैसेंजर डिस्प्ले शामिल हैं। इसके साथ ही डॉल्बी एटमॉस समर्थित 16-स्पीकर हरमन कार्डन ऑडियो सिस्टम, 6-वे पावर्ड ड्राइवर सीट (मेमोरी फंक्शन के साथ) और एक बड़ा फिक्स्ड पैनोरमिक ग्लास रूफ केबिन के अनुभव को बेहद आरामदायक बनाते हैं। भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इस मॉडल की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 21.90 लाख रुपये है।



