Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने एथलेटिक्स, कबड्डी और शूटिंग समेत कई स्पर्धाओं में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मेडल जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों और टीमों को बधाई दी है।

सावन बरवाल ने मैराथन में रचा इतिहास

भारतीय एथलीट सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में ऐतिहासिक सिल्वर मेडल अपने नाम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि इसलिए खास है क्योंकि सावन ने इस स्पर्धा में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है।

पीएम मोदी के मुताबिक, चार दशक से ज्यादा समय के बाद भारत ने एशियन गेम्स की पुरुष मैराथन स्पर्धा में पदक जीता है। साथ ही, यह भारत का पहला एशियाई खेल मैराथन पदक है, जो देश के बाहर आयोजित प्रतियोगिता में हासिल किया गया है।

कबड्डी में भारत का दबदबा, महिला और पुरुष टीम ने जीता गोल्ड

कबड्डी में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला और पुरुष दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल जीता। भारतीय महिला टीम ने फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इसके कुछ घंटों बाद भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने भी ईरान को 40-34 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। पीएम मोदी ने दोनों टीमों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के साहस, संयम, टीमवर्क और दृढ़ संकल्प की प्रशंसा की।

शूटिंग में भारत को सिल्वर

महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में तिलोत्तमा सेन, विदरशा विनोद कोचलुमकल और आशी चौकसे की तिकड़ी ने 1,763 अंकों के साथ सिल्वर मेडल जीता। पीएम मोदी ने तीनों निशानेबाजों को सटीकता और शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

टेबल टेनिस में मानुष शाह-दीया चितले को ब्रॉन्ज

मानुष शाह और दीया चितले की भारतीय जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता। सेमीफाइनल में वांग चुकिन और सुन यिंगशा की जोड़ी से हार के बाद उन्हें कांस्य पदक मिला। यह एशियन गेम्स के इतिहास में भारत का टेबल टेनिस में चौथा पदक है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m