हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में शासकीय महाविद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की घोर कमी और बदहाली को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को ABVP कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन इतना उग्र हो गया कि कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेडिंग को जोर से धक्का देकर गिरा दिया और सीधे कलेक्टर कार्यालय परिसर के अंदर प्रवेश कर गए।
ये भी पढ़ें: नर्मदापुरम में ABVP का उग्र प्रदर्शन: बारिश में हनुमान चालीसा का किया पाठ, पुलिस बैरिकेड्स पर चढ़कर की जमकर नारेबाजी
जबरन अंदर घुसने की कोशिश
कलेक्टर कार्यालय परिसर में घुसने के बाद कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और जबरन अंदर घुसने का प्रयास किया। माहौल गरमाने के बाद ABVP ने प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शासकीय कॉलेजों की तस्वीर बदलने की मांग की।
बुनियादी सुविधाओं के सुधार की मांग
ज्ञापन में विद्यार्थी परिषद ने कॉलेजों में कई गंभीर कमियों को दूर करने की मांग रखी:
मूलभूत सुविधाएं: स्वच्छ पेयजल, सुरक्षित शौचालय, क्लासरूम में पर्याप्त फर्नीचर, रोशनी, regular सफाई और डस्टबिन व्यवस्था।
सुरक्षा व डिजिटल ढांचा: पूरे कॉलेज परिसर में CCTV कैमरे, सुरक्षा गार्ड, वाई-फाई/इंटरनेट सुविधा, व्यवस्थित पार्किंग और प्राथमिक उपचार केंद्र।
शैक्षणिक व लैब विकास: लाइब्रेरी में नई किताबें, ई-लाइब्रेरी, लैब (प्रयोगशाला) का अपग्रेडेशन और स्पोर्ट्स सुविधाएं।
छात्राएं व दिव्यांग छात्र: छात्राओं के लिए अलग कॉमन रूम, रियायती दर पर कैंटीन और दिव्यांग छात्रों के लिए सुगम प्रवेश मार्ग।
ये भी पढ़ें: कृति सेनन पर ऊषा ठाकुर के बयान से मचा हड़कंप! वेशभूषा को लेकर फिर गरमाई MP की सियासत
जल्द सुधार नहीं हुआ तो करेंगे उग्र आंदोलन
ABVP नेताओं का कहना है कि शासकीय कॉलेजों के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर शैक्षणिक माहौल और बुनियादी सुविधाएं मिलना उनका संवैधानिक अधिकार है। परिषद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि ज्ञापन में उल्लिखित मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में उग्र प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


