हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। करीब 52 लाख रुपये कीमत की एमडी ड्रग्स बरामदगी मामले में पिछले पांच महीने से फरार चल रहे आरोपी संतोष गिरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के अरनोद क्षेत्र का रहने वाला है और एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में वांछित था। पुलिस के अनुसार इंदौर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच की टीम लगातार ऐसे आरोपियों पर नजर रख रही थी जो नशे के कारोबार से जुड़े हुए हैं।

जनवरी में हुई थी बड़ी कार्रवाई

क्राइम ब्रांच ने 15 जनवरी 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शहर के सिद्धेश्वर जलधारनाथ महादेव मंदिर के पास दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 513.48 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस मादक पदार्थ की कीमत करीब 52 लाख रुपये आंकी गई थी।उस समय पुलिस कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपियों ने वाहन लेकर भागने का प्रयास भी किया था, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया था। हालांकि इस पूरे नेटवर्क से जुड़ा आरोपी संतोष गिरी पुलिस कार्रवाई के बाद से फरार चल रहा था।

ये भी पढ़ें: NEET परीक्षा के बाद लापता छात्रा का शव नर्मदा किनारे मिलाः डॉक्टर बनने का था सपना दो बार नीट का पेपर बिगड़ने से हुई थी असफल, सवालों के घेरे में कई कड़ियां

पांच महीने बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

क्राइम ब्रांच की टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आखिरकार संतोष गिरी पिता मांगीलाल उर्फ मांगू गिरी निवासी अरनोद, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को इंदौर लाकर पूछताछ की जा रही है।

पूछताछ में किया चौंकाने वाला खुलासा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से सस्ते दामों में एमडी ड्रग्स खरीदता था और बाद में इसे इंदौर शहर में नशे के आदी लोगों को ऊंची कीमत पर बेचता था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी एक बड़े ड्रग नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।

ये भी पढ़ें: इंदौर पार्षद कमलेश कालरा विवाद में जीतू यादव को बड़ी राहत, पुलिस ने पूरक चालान से हटाया नाम, जानें पूरा मामला

पहले गिरफ्तार हो चुके हैं चार आरोपी

इस मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें निकल निदवानिया निवासी मंदसौर, मुकेश धनगर उर्फ बबलू निवासी मंदसौर, कमलेश गायरी निवासी राजस्थान और अंबालाल निवासी प्रतापगढ़, राजस्थान शामिल हैं।

बड़े नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

क्राइम ब्रांच का मानना है कि एमडी ड्रग्स की इतनी बड़ी खेप किसी संगठित नेटवर्क के माध्यम से इंदौर तक पहुंचाई जा रही थी। ऐसे में पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच का फोकस ड्रग्स सप्लायर, तस्करी के रूट और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने पर है। फिलहाल आरोपी संतोष गिरी के खिलाफ थाना अपराध शाखा में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m