चंकी बाजपेयी, इंदौर। एमजी रोड थाना पुलिस ने नावेल्टी मार्केट की एक दुकान में हुई लाखों की नगदी की चोरी का खुलासा करते हुए रूपये चुराने वाले दुकानदार को नगदी के साथ धर दबोचा है। अब पुलिस दुकानदार से चोर बने आरोपित से कड़ी पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले ने चोरी का कारण आर्थिक तंगी बताया है।
एमजी रोड थाना पुलिस ने अंततः दो दिन पूर्व नावेल्टी मार्केट के सुमित कलेक्शन में हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला ओर कोई नहीं बल्कि घटना स्थल के सामने दुकान संचालित करने वाला दुकानदार अंश ही निकला। अंश ने ही सबसे पहले घटना की सूचना संबंधितों को दी थी।
जैसे ही इस घटना की जानकारी पुलिस को मिली पुलिस ने अपनी तहकीकात अंश से शुरू की। पुलिस की पूछताछ में अंश टूट गया और सच उगल बैठा। इसके बाद अंश से चोरी की राशि एक लाख 23 हजार रुपये बरामद कर ली है।
खास बात तो यह है कि नावेल्टी मार्केट में हुई यह घटना दुकानदारों के लिए एक सबक है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुमित कलेक्शन में रखे रुपयों की जानकारी अंश को पहले से थी। अंश के सामने ही यह पैसे गिने गए थे। यहीं कारण है अंश मार्केंट खुलता उससे पहले आया और वारदात को अंजाम देकर खुद ही घटना की सूचना दे गया, जिसके बाद हुई पुलिस जांच में पकड़ा भी गया।

