चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में महिला इंजीनियर को कार से कुचलने के सनसनीखेज मामले में जांच तेज हो गई है। पुलिस आरोपी पिता और पुत्र को घटनास्थल पर लेकर पहुंची। जहां दोनों से वारदात का सीन रिक्रिएशन कराया। पुलिस ने रिक्रिएशन के जरिए घटना का क्रम और मौके की परिस्थिति को समझने की कोशिश की।
दरअसल, इंदौर के लसुड़िया थाना क्षेत्र स्थित समृद्धि एंक्लेव की शिव वाटिका कॉलोनी में 25 मार्च को दर्दनाक घटना हुई। पिता कुलदीप चौधरी और पुत्र मोहनीश चौधरी ने महिला इंजीनियर शंपा पाठक की कार से कुचलकर हत्या कर दी थी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। वारदात के बाद रहवासियों ने पिता-पुत्र का जमकर विरोध किया था। वहीं पुलिस ने मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों को गिरफ्तार किया था।
ये भी पढ़ें: इंदौर में पेंटहाउस विवाद बना मौत का कारण: तेज रफ्तार कार से रहवासियों को कुचला, इंफोसिस इंजीनियर की मौत, पिता-पुत्र गिरफ्तार
यह पूरा विवाद पेंटा हाउस को किराए पर देने को लेकर हुआ था। जिससे गुस्से में आकर बिल्डिंग की पार्किंग में तेज रफ्तार से कार दौड़ा दी थी। इस मामले में लसुड़िया थाना पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर घटनास्थल पर पहुंची। जहां दोनों से सीन रिक्रिएशन कराया। पुलिस ने मौके पर ही आरोपियों से पूरी घटना की जानकारी ली और यह समझने की कोशिश की कि आखिर किस तरह वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

