हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में मेट्रो रेल सेवा के विस्तार की दिशा में शुक्रवार को एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा होने जा रहा है। गांधी नगर से रेडिसन चौराहा तक मेट्रो का कमर्शियल रन शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही इस रूट पर आम यात्रियों के लिए नियमित मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी। कमर्शियल संचालन की शुरुआत के मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर मौजूद रहेंगे।
इंदौर में अब तक इस कॉरिडोर पर ट्रायल रन के साथ तकनीकी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। कमर्शियल सेवा शुरू होने के बाद यात्री निर्धारित स्टेशनों के बीच मेट्रो से सफर कर सकेंगे। इससे शहरवासियों को तेज, सुविधाजनक और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा। गांधी नगर से रेडिसन चौराहा तक का यह कॉरिडोर शहर के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ता है।
ये भी पढ़ें: दो बार टलने के बाद फिर जगी उम्मीद! गांधी नगर से रेडिसन तक इसी सप्ताह दौड़ेगी इंदौर मेट्रो?
नियमित सेवा शुरू होने से सड़क यातायात के दबाव को कम करने और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इंदौर मेट्रो प्रोजेक्ट को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस कॉरिडोर पर कमर्शियल रन की शुरुआत नेटवर्क विस्तार की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। आने वाले समय में मेट्रो को शहर के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने की योजना है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



