हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में मेट्रो के विस्तार को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। गांधी नगर से रेडिसन तक मेट्रो के कमर्शियल रन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अधिकारी नए रूट पर संचालन शुरू करने की तैयारियों में जुटे हैं। संभावना जताई जा रही है कि शनिवार या रविवार से इस रूट पर कमर्शियल रन शुरू हो सकता है।

ये भी पढ़ें: इंदौर-भोपाल में मिलावटखोरों पर शिकंजा! ऑन द स्पॉट रैपिड टेस्ट से खाद्य विभाग की बड़ी जांच

दो बार टल चुका है कमर्शियल रन

गांधी नगर से रेडिसन तक मेट्रो चलने का इंतजार शहर लंबे समय से कर रहा है। खास बात यह है कि CMRS की मंजूरी मिलने के बाद भी कमर्शियल रन का कार्यक्रम दो बार टल चुका है। अब मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन एक बार फिर संचालन शुरू करने की तैयारी में जुट गया है।

NOC की वैधता खत्म होने से पहले दौड़ाने की तैयारी

नए रूट पर मेट्रो संचालन के लिए जरूरी मंजूरियां मिलने के बावजूद कार्यक्रम आगे बढ़ता रहा। अब अधिकारियों की कोशिश है कि NOC की वैधता खत्म होने से पहले गांधी नगर से रेडिसन तक मेट्रो का कमर्शियल रन शुरू कर दिया जाए।

CM और केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम पर भी चर्चा

कमर्शियल रन की शुरुआत को लेकर मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के संभावित कार्यक्रम पर भी चर्चा चल रही है। हालांकि अंतिम कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। अधिकारियों का पूरा फोकस फिलहाल संचालन शुरू करने से पहले बाकी तैयारियां पूरी करने पर है।

17.5 किलोमीटर का है एलिवेटेड कॉरिडोर

गांधी नगर से रेडिसन तक का एलिवेटेड कॉरिडोर करीब 17.5 किलोमीटर लंबा है। इसमें से लगभग 6 किलोमीटर हिस्से पर पहले से कमर्शियल रन चल रहा है। अब बचे हिस्से पर भी यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा शुरू होने का इंतजार है।

ये भी पढ़ें: इंदौर में रेप केस की कहानी ने लिया यू-टर्न! तलाकशुदा पति कोर्ट से दोषमुक्त, बच्चे की फीस को लेकर विवाद के बाद रेप की FIR

मेट्रो के अगले विस्तार पर टिकी शहर की नजर

अगर नए रूट पर कमर्शियल रन शुरू होता है तो इंदौर के मेट्रो नेटवर्क को बड़ा विस्तार मिलेगा। दो बार कार्यक्रम टलने के बाद अब शहर की नजर इस बात पर है कि क्या इस बार गांधी नगर से रेडिसन तक मेट्रो वास्तव में यात्रियों के लिए दौड़ पाएगी या फिर कमर्शियल रन का इंतजार एक बार फिर लंबा होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m