हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर नगर निगम के वार्ड नंबर 31 में ड्रेनेज लाइन डालने को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। जहां निगम इंजीनियरों पर बिना अनुमति काम कराने और विवादित प्लॉटों को फायदा पहुंचाने के आरोप लगे हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में जमकर हंगामा हुआ और रहवासियों ने अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी भी की।

जानकारी के मुताबिक, वार्ड 31 में करीब 500 मीटर तक ड्रेनेज लाइन डाल दी गई, लेकिन क्षेत्रीय पार्षद बालमुकुंद सोनी को इसकी जानकारी तक नहीं थी। आरोप है कि बिना पार्षद की अनुमति के ही काम कराया गया और इससे कुछ विवादित प्लॉटों को फायदा पहुंचाया गया। जब क्षेत्र के लोग लंबे समय से चल रही ड्रेनेज समस्या को लेकर परेशान हुए तो उन्होंने पार्षद को मौके पर बुलाया। पार्षद के पहुंचते ही नगर निगम के अधिकारियों को भी बुलाया गया।

ये भी पढ़ें: खंडवा में अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल: नेता प्रतिपक्ष ने सिटी मजिस्ट्रेट के छुए पैर, कहा- आप बजरंग बली के अवतार हो बचा लो…

इस दौरान रहवासियों ने अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अधूरा काम छोड़ने पर नाराजगी जताई। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि ड्रेनेज लाइन डालने के लिए सड़कों को खोद दिया गया, लेकिन काम पूरा नहीं हुआ, जिससे पूरे इलाके में खराब सड़क और गड्ढों के कारण लोगों को भारी परेशानी हो रही है। विवाद उस समय और बढ़ गया जब 114 पार्ट-2 क्षेत्र में डबल ड्रेनेज लाइन डालने का मामला सामने आया। रहवासियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम के इंजीनियरों ने गलत प्लानिंग के कारण 25 से 30 लाख रुपए तक का अनावश्यक खर्च कर दिया।

ये भी पढ़ें: MP में गुमशुदा सामुदायिक भवन की तलाश खत्म: पूर्व विधायक ने लाखों खर्च कर बनवाया, बेटे ने अवैध कब्जा कर स्कूल में किया तब्दील

लोगों का कहना है कि पहले 500 मीटर लाइन गलत जगह डाल दी गई और अब दूसरी जगह लाइन कम पड़ गई है, जिससे फिर से 25 से 30 लाख रुपए खर्च होने की बात कही जा रही है। पार्षद बालमुकुंद सोनी ने मौके पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए और कहा कि क्षेत्र की जनता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। वहीं रहवासियों ने पूरे मामले की जांच कराने और दोषी इंजीनियरों पर कार्रवाई की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m