हेमंत शर्मा, इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में ‘गाय चोरी’ के नाम पर कानून हाथ में लेकर चंदर लोहार की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने करणी सेना का पदाधिकारी मानसिंह राजावत को धर दबोचा है। गौ-रक्षा के नाम पर गुंडागर्दी और फिर जानलेवा बर्बरता—इस पूरी खौफनाक वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
10 मुकदमों का ‘पुराना खिलाड़ी’ निकला मानसिंह
लसूड़िया थाना प्रभारी राजकुमार यादव के मुताबिक गिरफ्तार मानसिंह राजावत कोई दूध का धुला नहीं है। उसके खिलाफ पहले से रंगदारी, मारपीट और अड़ीबाजी जैसे 10 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। संगठन के नाम की आड़ लेकर इलाके में रसूख चमकाने वाले इस आपराधिक पृष्ठभूमि के आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस इसकी कुंडली खंगाल रही है।
क्या था पूरा विवाद? गाय ढूंढने के नाम पर लिया
कानून हाथ में वारदात की शुरुआत निरंजनपुर बस्ती से हुई, जहां से एक गाय और बछड़ा गायब हो गए थे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, तो दोनों जानवर देवास नाका इलाके में मिल गए। लेकिन इसी दौरान गाय चोरी के शक में चंदर लोहार को घेर लिया गया। बिना किसी सबूत और बिना पुलिस को सूचना दिए, भीड़ ने चंदर पर हमला बोल दिया। बेरहमी से की गई मारपीट के बाद चंदर को मरणासन्न हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। गंभीर हालत में चंदर को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सूरज जाट और रोहित समेत कई नामजद, तलाश तेज
चंदर की मौत के बाद भड़के जनआक्रोश और पुलिस की मुस्तैदी से इस हत्याकांड का पर्दाफाश होना शुरू हुआ। प्रारंभिक जांच में मानसिंह राजावत के अलावा सूरज जाट, रोहित और कुणाल समेत कई अन्य उपद्रवियों के नाम सामने आए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, चश्मदीदों के बयानों और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है ताकि भीड़ की शक्ल में छिपे हर एक हत्यारे की पहचान की जा सके।
अब सबसे बड़ा सवाल: इस ‘मॉब लिंचिंग’ का मास्टरमाइंड कौन?
मानसिंह राजावत की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि मारपीट की इस पूरी साजिश में उसकी सीधी भूमिका क्या थी? क्या उसने भीड़ को उकसाया या खुद चंदर पर जानलेवा हमला किया? पुलिस अब इस बिंदु पर जांच आगे बढ़ा रही है कि गौ-रक्षा के नाम पर खूनी खेल खेलने वाले इस पूरे गैंग में कौन-कौन शामिल था और इसका मास्टरमाइंड कौन है।पुलिस का दावा है कि जल्द ही वारदात में शामिल सूरज जाट और कुणाल समेत अन्य फरार आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



