हेमंत शर्मा, इंदौर। देश भर में डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के अभियानों के बीच मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के व्यापारियों ने एक अनोखा और बड़ा विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया है। ₹2,000 से अधिक के UPI मर्चेंट पेमेंट पर प्रस्तावित शुल्क के खिलाफ शहरभर के व्यापारियों ने आज ‘NO UPI DAY’ मनाया। व्यापारियों ने अपनी दुकानों पर लगे QR कोड को काले कपड़े से ढक दिया, वहीं कई स्थानों पर सांकेतिक विरोध दर्ज कराने के लिए QR कोड स्कैनर को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया।
ये भी पढ़ें: UPI पेमेंट पर MDR शुल्क पर भड़की कांग्रेस! व्यापारियों को बांटे ‘NO UPI – ONLY CASH’ के चश्मे, जताया विरोध
राजबाड़ा से प्रमुख बाजारों तक छाया ‘नो UPI डे’
अहिल्या चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के आह्वान पर शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठन इस अभियान में एकजुट हुए हैं। राजबाड़ा, क्लॉथ मार्केट सहित इंदौर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में दुकानों के बाहर ‘NO UPI DAY’ के पोस्टर लगाए गए हैं। इंदौर रिटेल गारमेंट्स एसोसिएशन समेत अन्य संगठनों ने ग्राहकों से आज यूपीआई के बजाय कैश में भुगतान करने की अपील की।
व्यापारी बोले- “विरोध UPI का नहीं, अतिरिक्त शुल्क का है”
प्रदर्शन कर रहे कारोबारियों का कहना है कि वे डिजिटल पेमेंट व्यवस्था के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि मर्चेंट भुगतान पर संभावित अतिरिक्त शुल्क के प्रस्ताव का विरोध कर रहे हैं। व्यापारियों का तर्क है कि यूपीआई अब छोटे-बड़े सभी दुकानदारों के कारोबार की जीवनरेखा बन चुका है। ऐसे में अतिरिक्त शुल्क लागू होने से व्यापार की लागत बढ़ेगी और इसका सीधा असर कारोबार पर पड़ेगा। उनकी मांग है कि किसी भी नए शुल्क को लागू करने से पहले उस पर पुनर्विचार किया जाए।
इंदौर से उठी आवाज, अन्य राज्यों से भी समर्थन का दावा
व्यापारिक संगठनों ने दावा किया है कि इंदौर से शुरू हुए इस विरोध प्रदर्शन को राष्ट्रीय स्तर पर समर्थन मिल रहा है। दिल्ली सहित देश के अन्य राज्यों के व्यापारिक संगठन भी इस मुहिम से जुड़ रहे हैं। व्यापारी इस आंदोलन को व्यापक रूप देकर सरकार और संबंधित संस्थाओं तक अपनी बात पहुंचाना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें: 77 की उम्र में 1000 किमी चलने का स्टेमिना: पदयात्रा से पहले दिग्विजय सिंह की डेली प्रैक्टिस, जानिए क्या है प्लान
फिलहाल, इंदौर के बाजारों में QR कोड पर काला कपड़ा, दुकानों पर लगे पोस्टर्स और कैश में भुगतान की अपीलों ने साफ संदेश दे दिया है कि व्यापारी यूपीआई के मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर लगने वाले अतिरिक्त शुल्क को किसी भी स्थिति में स्वीकार करने के मूड में नहीं हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



