वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के सारे थाना क्षेत्र के ओंदा गांव के समीप कल मंगलवार को रेलवे लाइन के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान शेखपुरा जिले के जयरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मदारीचक गांव निवासी 40 वर्षीय सविता देवी, पति अजय कुमार चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

ट्रेन से गिरने के कारण हुआ हादसा

बताया जाता है कि सविता देवी किसी पारिवारिक कार्य से बरबीघा से बिहारशरीफ जा रही थीं। यात्रा के दौरान डीएमयू फर्स्ट पैसेंजर ट्रेन से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों की सूचना पर सारे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल और फिर पावापुरी विम्स मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

22 जून को घर में थी शादी

महिला की पहचान तब हो सकी जब परिजनों ने सोशल मीडिया पर प्रसारित खबर देखी। परिजनों ने बताया कि 22 जून को परिवार में शादी होने वाली थी और तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें- बिहार में 40 हजार का घूस लेते स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक गिरफ्तार, निगरानी विभाग ने रंगे हाथ दबोचा