अजय सैनी, भिवानी। विकास नगर स्थित आवास पर वीरवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के जिलाध्यक्ष अशोक ढ़ाणीमाहु के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए राजनीतिक और सामाजिक दिग्गजों का तांता लगा रहा। इनेलो के शीर्ष नेतृत्व और विभिन्न दलों के नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।

वीरवार को शोक जताने पहुंचे नेताओं में इनेलो संरक्षक एवं पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, पूर्व मंत्री डॉ. वासुदेव शर्मा, इनेलो महिला प्रदेश महासचिव इंदु परमार और पूर्व विधायक ओमप्रकाश गौरा शामिल रहे। सभी दिग्गजों ने स्व. अशोक ढ़ाणीमाहु के सुपुत्र डॉ. सुमित चौधरी व अन्य परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

नेताओं ने याद किया संगठनात्मक योगदान

इनेलो संरक्षक प्रो. संपत सिंह ने कहा कि अशोक ढ़ाणीमाहु केवल एक राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि एक सच्चे समाजसेवक थे, जिन्होंने आम जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को हमेशा प्रमुखता से उठाया। वहीं, इनेलो प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने उनके निधन को पार्टी और समाज दोनों के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए उन्हें एक समर्पित और निष्ठावान जननेता करार दिया।

पूर्व मंत्री डॉ. वासुदेव शर्मा और महिला प्रदेश महासचिव इंदु परमार ने बताया कि भिवानी जिले में इनेलो संगठन को मजबूत करने में ढ़ाणीमाहु ने ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके कुशल नेतृत्व के चलते ही भिवानी में पार्टी का ग्राफ लगातार ऊपर बढ़ा।

23 सितंबर को होगी रस्म पगड़ी और श्रद्धांजलि सभा

स्व. अशोक ढ़ाणीमाहु के परिजनों के अनुसार, उनकी अंतिम आत्मशांति के लिए रस्म पगड़ी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन 23 सितंबर को किया जाएगा।

इस अवसर पर रामचंद्र बड़सरा, पूर्व सरपंच सतदेव, सत्यप्रकाश, नरेश कुमार, अंकित बड़सरा, नवीन कुमार, सतेंद्र ढ़ाणीमाहु, अजीत ढ़ाणीमाहू, युवराज, राहुल और संजीव बड़सरा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने भी गहरा शोक जताया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m