हरियाणा में नौकरियों को लेकर जारी विवाद के बीच इनेलो ने 18 मई को पंचकूला स्थित HPSC कार्यालय के बाहर बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी का आरोप है कि ग्रुप-बी भर्तियों में स्थानीय युवाओं की अनदेखी कर बाहरी राज्यों के लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा में सरकारी नौकरियों को लेकर सियासत एक बार फिर गरमाने जा रही है। आरोप हैं कि योग्य युवाओं को बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है, जबकि दूसरे राज्यों के उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिल रही है। इसी मुद्दे को लेकर अब बड़ा राजनीतिक प्रदर्शन होने वाला है, जिसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
सरकारी भर्तियों में कथित धांधली और हरियाणा के युवाओं की अनदेखी को लेकर विपक्षी दल खुलकर मैदान में उतरने लगे हैं। दावा किया जा रहा है कि ग्रुप-बी की नौकरियों में बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों के लोगों की भर्ती हुई है, जिससे प्रदेश के पढ़े-लिखे और योग्य युवा नौकरी से वंचित रह गए। अब इस मुद्दे पर प्रदेश स्तर पर प्रदर्शन की रणनीति बनाई गई है।
दरअसल Indian National Lok Dal (इनेलो) ने 18 मई को सुबह 11 बजे सेक्टर-4 पंचकूला स्थित Haryana Public Service Commission (HPSC) कार्यालय के बाहर बड़ा प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी का आरोप है कि ग्रुप-बी सरकारी नौकरियों में 90 प्रतिशत भर्ती हरियाणा से बाहर के भाजपा शासित राज्यों के लोगों की की गई है, जबकि हरियाणा के योग्य युवाओं की घोर अनदेखी हुई है।
यह प्रदर्शन इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष Abhay Singh Chautala की अगुवाई में किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष Rampal Majra, युवा के राष्ट्रीय प्रभारी Karan Chautala, आईएसओ के राष्ट्रीय प्रभारी एवं रानियां विधायक Arjun Chautala और डबवाली विधायक Aditya Devi Lal भी मौजूद रहेंगे। पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं, जिला और हलका अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में लोगों से प्रदर्शन में पहुंचने की अपील की है।
प्रदर्शन के बाद चंडीगढ़ स्थित इनेलो मुख्यालय में पार्टी संगठन को और मजबूत करने को लेकर अहम बैठकें भी होंगी। दोपहर 2 बजे महिला प्रकोष्ठ और उसके बाद 3 बजे युवा प्रकोष्ठ, आईएसओ और सोशल मीडिया सेल के पदाधिकारियों के साथ बैठक का कार्यक्रम तय किया गया है।

