नवीन शर्मा,हांसी। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में सोमवार को हांसी में जोरदार प्रदर्शन किया। इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला के आह्वान पर प्रदेशभर में आयोजित विरोध कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।

प्रदर्शनकारियों ने शहर में मार्च निकालते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई पर रोष जताया। इसके बाद कार्यकर्ता लघु सचिवालय पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन हांसी के डीसी राहुल नरवाल को सौंपा गया।

ज्ञापन में केंद्र सरकार से पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने तथा आम जनता को राहत देने की मांग की गई।

आम जनता का बिगड़ा बजट

इनेलो नेता उमेद लोहान ने कहा कि ईंधन और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों का बजट बिगाड़ दिया है। महंगाई का सीधा असर गृहिणियों, किसानों, व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल साबित हुई है।

महंगाई के मुद्दे पर सरकार से मांगा जवाब

इनेलो नेताओं ने कहा कि बढ़ती कीमतों के कारण हर वर्ग परेशान है और जनता को राहत देने के लिए सरकार को तत्काल प्रभाव से कदम उठाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो इनेलो जनता के हित में अपना आंदोलन और अधिक तेज करेगी।प्रदर्शन में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने महंगाई के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा।