अजय सैनी, भिवानी। हिसार में जीवन कुंडू हत्याकांड मामले में न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों पर पुलिस लाठीचार्ज के आरोपों को लेकर इनेलो युवा विंग ने रोष जताया है। इनेलो के युवा जिला अध्यक्ष भिवानी संदीप घणघस ने कार्रवाई की निंदा करते हुए सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा।

न्याय की मांग को लेकर हिसार पहुंचे थे किसान
संदीप घणघस ने कहा कि किसान जीवन कुंडू हत्याकांड मामले में जल्द कार्रवाई और न्याय की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखने हिसार पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया कि किसानों का प्रदर्शन शांतिपूर्ण था।
लाठीचार्ज में कई किसान घायल होने का दावा
घणघस ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने किसानों पर बल प्रयोग किया। उनके मुताबिक, कार्रवाई में कई किसानों के सिर पर चोटें आईं और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वालों की आवाज दबाने का प्रयास बताया।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
इनेलो नेता ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए किसानों की आवाज दबा रही है। उन्होंने कहा कि अन्नदाताओं के साथ इस तरह की कार्रवाई निंदनीय है। इनेलो ने जीवन कुंडू हत्याकांड मामले में जल्द न्याय की मांग की।
बोले- लाठीचार्ज लोकतांत्रिक व्यवस्था का जवाब नहीं
संदीप घणघस ने कहा कि लोकतांत्रिक देश में अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठाना हर नागरिक का अधिकार है। सरकार और प्रशासन को लोगों की बात सुननी चाहिए, न कि पुलिस बल के जरिए उनकी आवाज दबाने की कोशिश करनी चाहिए।
दिल्ली में छात्रों के बाद अब किसानों पर कार्रवाई का आरोप
घणघस ने कहा कि पहले दिल्ली में विद्यार्थियों और अब किसानों पर लाठीचार्ज की कार्रवाई से सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की आवाज को दबाने की कोशिश को इनेलो बर्दाश्त नहीं करेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


