झज्जर। हरियाणा के झज्जर की बेटियां एक बार फिर खेल के मैदान में जिले का नाम रोशन करने जा रही हैं। दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए आयोजित होने वाले पहले FIH पैरा हॉकी विश्व कप 2026 के लिए चुनी गई भारतीय टीम में झज्जर की तमन्ना और साक्षी को जगह मिली है। दोनों खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

विश्व कप का आयोजन 20 से 24 अगस्त तक नीदरलैंड्स और बेल्जियम में होगा। भारतीय टीम में चयन के बाद दोनों खिलाड़ियों के परिवार और जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। तमन्ना और साक्षी अब विश्व कप में अपने खेल का प्रदर्शन करेंगी।

नेशनल कैंप से शुरू हुआ सफर

दोनों खिलाड़ियों के इस सफर की शुरुआत 29 अक्टूबर 2025 को गुरुग्राम के नेहरू स्टेडियम से हुई थी। यहां पैरा हॉकी के नेशनल लेवल-1 कोचिंग कैंप का आयोजन किया गया था। कैंप में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए तैयार किया गया।

इसके बाद 22 से 26 फरवरी 2026 तक फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्टेडियम में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए पहली राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच दिया।

अब विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण के बाद तमन्ना और साक्षी का चयन भारतीय पैरा हॉकी टीम के लिए हुआ है। दोनों अब पहली FIH पैरा हॉकी विश्व कप प्रतियोगिता में भारत की जर्सी में मैदान पर उतरेंगी।

20 से 24 अगस्त तक होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत के लिए खेलना दोनों खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उनके चयन से झज्जर के खेल जगत में भी उत्साह है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m