रेवाड़ी। शहर में स्कूल बस के इंतजार में मां के साथ खड़ी 5वीं कक्षा की छात्रा को तेज रफ्तार स्कूल वैन ने टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद ड्राइवर बच्ची को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। मां बच्ची को बचाने के लिए चिल्लाते हुए वैन के पीछे दौड़ती रही। इसके बाद ड्राइवर घायल बच्ची को वैन में लेकर चला गया और उसे रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मां को इसकी जानकारी स्कूल में फोन करने के बाद मिली।

बच्ची की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जयपुर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल वहीं उसका इलाज चल रहा है। कुंड चौकी पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत पर वैन ड्राइवर, स्कूल संचालक और प्राचार्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल जाने के लिए वैन का इंतजार कर रही थी बच्ची
बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि वह परिवार के साथ हरजीपुर नंगली बलिहार रोड के पास बनी ढाणी में रहती है। उसकी 10 वर्षीय बेटी पाली स्थित मार्डन स्कूल में 5वीं कक्षा में पढ़ती है।
महिला के अनुसार, 14 अगस्त की सुबह करीब सवा 7 बजे वह बेटी को स्कूल भेजने के लिए कच्चे रास्ते पर दूसरी ढाणी के पास स्कूल वैन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान चिताडूंगरा स्थित क्रैजिब स्कूल की तेज रफ्तार वैन वहां पहुंची और बच्ची को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद 50 मीटर तक घसीटने का आरोप
महिला का आरोप है कि टक्कर के बाद ड्राइवर ने वैन नहीं रोकी। बच्ची वैन के साथ करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। मां चिल्लाते हुए वैन के पीछे दौड़ती रही, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी।
महिला के मुताबिक, ड्राइवर ने उसकी बेटी को वैन में बैठाया और वहां से चला गया। उसे यह भी नहीं बताया गया कि बच्ची को कहां ले जाया जा रहा है।
स्कूल में फोन करने पर अस्पताल का पता चला
घटना के बाद महिला ने स्कूल संचालक को फोन कर बेटी के साथ हुए हादसे की जानकारी दी। तब उसे पता चला कि घायल बच्ची को रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महिला अपने पति के साथ अस्पताल पहुंची। बच्ची को गंभीर चोटें लगी थीं। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे जयपुर के निजी अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल बच्ची का जयपुर में इलाज चल रहा है।
ड्राइवर, स्कूल संचालक और प्राचार्य पर केस
बच्ची की मां ने कुंड चौकी पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने वैन ड्राइवर, स्कूल संचालक और प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और स्कूल वैन के ड्राइवर की भूमिका की जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

