फरीदाबाद। फरीदाबाद की नीमका जिला जेल में सोमवार सुबह एक बंदी द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गाजीपुर निवासी ऋतिक उर्फ रंकित भड़ाना (25) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 11 महीनों से विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल में बंद था। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

तीन दिनों से जेल अस्पताल में भर्ती था बंदी

जेल सूत्रों के अनुसार ऋतिक उर्फ रंकित के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास समेत करीब 16 आपराधिक मामले दर्ज थे। पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी, जिसके चलते उसे जेल परिसर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात उसने अस्पताल के बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

बताया जा रहा है कि जब जेल स्टाफ ने उसे उसके बेड पर नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान अस्पताल के बाथरूम में वह फंदे से लटका मिला। कर्मचारियों ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही जेल डिप्टी साजिद खान मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

परिजनों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

मृतक के भाई राजेश ने आरोप लगाया कि उसके भाई को जेल के अंदर प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि जेल डिप्टी साजिद खान द्वारा अक्सर उसके साथ मारपीट की जाती थी, जिसके कारण वह मानसिक रूप से परेशान था और उसने यह कदम उठाया।

हालांकि जेल डिप्टी साजिद खान ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि जेल में सभी बंदियों के साथ समान व्यवहार किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऋतिक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

पहले भी विवादों में रही है नीमका जेल

नीमका जेल पिछले कुछ महीनों में कई गंभीर घटनाओं को लेकर चर्चा में रही है। फरवरी 2026 में हाई सिक्योरिटी वार्ड में बंद आतंकी आरोपी अब्दुल रहमान की एक अन्य कैदी द्वारा हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कई जेल अधिकारियों को निलंबित किया गया था।

मार्च 2026 में जेल के भीतर दो कैदियों के बीच हुए विवाद में एक कैदी ने दूसरे के चेहरे पर खौलता तेल फेंक दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया था। इसके अलावा वर्ष 2025 में भी एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, जिसके बाद परिजनों ने चिकित्सा लापरवाही के आरोप लगाए थे।

अब ऋतिक उर्फ रंकित भड़ाना की आत्महत्या के बाद एक बार फिर जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की निगरानी और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस, जेल प्रशासन और मजिस्ट्रेट स्तर पर मामले की जांच जारी है।