किशनगंज। इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती के बाद एक नाबालिग युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इतना ही नहीं, आरोपी ने घटना का वीडियो बनाकर उसे और उसके परिवार को लगातार ब्लैकमेल भी किया। इस गंभीर मामले में पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत उसके परिवार के कई सदस्यों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती और विश्वास में लेना
बहादुरगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग युवती की पहचान कुछ समय पहले किशनगंज के एक युवक से मोबाइल और इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी। आरोपी ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया और उससे शादी करने का पक्का भरोसा दिया। इसी झांसे में लेकर आरोपी ने 15 जुलाई 2026 को युवती को किशनगंज के एक होटल में बुलाया, जहां उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।
वीडियो बनाकार ब्लैकमेलिंग
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने चुपके से इसका वीडियो और कुछ तस्वीरें अपने मोबाइल में कैद कर लीं। इसके बाद आरोपी ने इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और युवती के परिवार को बदनाम करने की धमकी देना शुरू कर दिया। इसी डर के कारण पीड़िता लंबे समय तक किसी को कुछ बता नहीं सकी। आरोपी लगातार उसे मिलने के लिए दबाव बनाता रहा और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
परिजनों के साथ मारपीट और बेचने की धमकी
जब प्रताड़ना हद से बढ़ गई, तब युवती ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद जब पीड़िता के परिजन बातचीत करने के लिए आरोपी के घर पहुंचे, तो आरोपी पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की धमकी दी। हद तो तब हो गई जब मामला रफा-दफा करने के लिए पैसे का दबाव बनाया गया और फोन पर धमकी दी गई कि यदि पुलिस या किसी अन्य से शिकायत की गई, तो युवती को उठाकर कहीं बेच दिया जाएगा।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, शुरू हुई जांच
परिजनों के सहयोग से पीड़िता ने किशनगंज महिला थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। महिला थाना अध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के बयान और आवेदन के आधार पर आरोपी युवक के साथ-साथ उसके पिता, मां और अन्य परिजनों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस फिलहाल सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



