Technology Desk : Instagram ने Reels बनाने वाले क्रिएटर्स के लिए एक नया फीचर First Draft लॉन्च किया है। इस फीचर की मदद से वीडियो एडिटिंग का शुरुआती काम काफी आसान हो जाएगा। फिलहाल इसे चुनिंदा iPhone यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है।

वीडियो से खुद हटाएगा खाली हिस्से
First Draft की खासियत यह है कि यह वीडियो में मौजूद लंबे पॉज, साइलेंस और अनचाहे हिस्सों को पहचान सकता है। इसके बाद यह इन हिस्सों को हटाकर वीडियो का एक शुरुआती एडिट तैयार कर देता है। इससे क्रिएटर्स को वीडियो एडिट करने की शुरुआत खुद से नहीं करनी पड़ेगी। उन्हें पहले से तैयार एक रफ एडिट मिल जाएगा, जिसे वे अपनी जरूरत के हिसाब से बदल सकते हैं।
एडिट में बदलाव करने की पूरी आजादी
Instagram के मुताबिक, First Draft से किए गए सभी बदलाव रिवर्सिबल होंगे। यानी अगर किसी हिस्से को हटाना सही नहीं लगा तो उसे वापस लाया जा सकता है। यूजर्स क्लिप्स का क्रम बदल सकते हैं, किसी हिस्से को हटा सकते हैं या एडिट में अपनी पसंद के मुताबिक बदलाव कर सकते हैं। चाहें तो पूरा एडिट हटाकर वीडियो को नए सिरे से भी तैयार किया जा सकता है।
कई तरह के वीडियो के लिए उपयोगी
कंपनी का कहना है कि First Draft अलग-अलग तरह के वीडियो के हिसाब से काम कर सकता है। इसमें टॉकिंग-हेड वीडियो, मल्टी-क्लिप मोंटाज और डे-इन-द-लाइफ जैसे कंटेंट शामिल हैं। इसका मुख्य उद्देश्य क्रिएटर्स को वीडियो एडिटिंग के शुरुआती चरण में लगने वाला समय कम करना है।
iPhone में ऐसे इस्तेमाल करें First Draft
First Draft का इस्तेमाल करने के लिए iPhone पर Instagram खोलें और Reels गैलरी में जाएं। इसके बाद एक या एक से ज्यादा वीडियो क्लिप चुनें। स्क्रीन के नीचे दिखाई देने वाले First Draft बटन पर टैप करने के बाद Instagram वीडियो का शुरुआती एडिट तैयार कर देगा।
इसके बाद यूजर एडिट को देख सकता है और जरूरत के अनुसार बदलाव करने के लिए फुल वीडियो एडिटर में जा सकता है। पसंद आने पर वीडियो को सीधे Reel के तौर पर पोस्ट भी किया जा सकता है। इसके अलावा Instagram कैमरा से वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद भी First Draft का इस्तेमाल किया जा सकता है।
फिलहाल iOS यूजर्स के लिए रोलआउट
Instagram ने First Draft फीचर को फिलहाल iOS ऐप पर रोलआउट करना शुरू किया है। यह सुविधा सभी यूजर्स को एक साथ मिलने के बजाय चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही है। आने वाले समय में इसके विस्तार की जानकारी सामने आ सकती है।


