सोशल मीडिया की बढ़ती लत का एक चौंकाने वाला मामला राजधानी दिल्ली के भजनपुरा इलाके से सामने आया है। इंस्टाग्राम रील्स देखने की आदत इतनी बढ़ गई कि 14 वर्षीय किशोरी ने घरवालों की बात सुनना तक बंद कर दिया। जब पिता ने उसे इस बात पर डांटा, तो वह गुस्से में अपने 11 वर्षीय भाई को साथ लेकर घर छोड़कर चली गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे घर से निकलने के बाद दिल्ली और हरियाणा के बीच ट्रेनों में भटकते रहे। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार परिवार ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
फल विक्रेता पिता की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस
भजनपुरा निवासी और पेशे से फल विक्रेता राम नारायण शाह ने 25 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी और 11 वर्षीय बेटा 24 मई की सुबह करीब 11:30 बजे घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भजनपुरा थाना पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सत्यवान लाठवाल के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तकनीकी माध्यमों से बच्चों का पता लगाने का प्रयास किया।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास मिला सुराग
लगातार जांच और तकनीकी निगरानी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बच्चे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन क्षेत्र में मौजूद हैं। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया। बच्चों को थाने लाकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें दोनों पूरी तरह सुरक्षित पाए गए।
पूछताछ में सामने आई वजह
पुलिस पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह घंटों इंस्टाग्राम पर वीडियो और रील्स देखती थी। इसी बात को लेकर पिता ने उसे डांटा था। डांट से नाराज़ होकर उसने घर छोड़ने का फैसला कर लिया और छोटे भाई को भी साथ ले गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

