कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में इंटरनेशनल साइबर बैंकिंग फ्रॉड गैंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने सिटी सेंटर स्थित हेरिटेज ग्वालियर होटल से चार युवकों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि पकड़े गए सभी आरोपी नर्सिंग के छात्र हैं और उनकी उम्र महज 21 से 24 साल के बीच है। पुलिस ने चारों आरोपियों को होटल के रूम नंबर 101 से दबोचा। मौके से 9 एटीएम कार्ड, 15 हजार 200 रुपए नकद और 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
READ MORE: EXCLUSIVE: ग्वालियर में ‘इंटरनेशनल’ साइबर गैंग का भंडाफोड़; पाकिस्तान से जुड़े तार, ‘बड़े भैया’ देता था कमांड
ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल डेटा की गहन जांच कराई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान के कंट्री कोड +92 वाले नंबरों पर व्हाट्सएप कॉलिंग के जरिए संपर्क में थे। इसके अलावा म्यूल खातों की जानकारी शेयर करने की भी पुष्टि हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के तार स्थानीय नेटवर्क के अलावा किन-किन राज्यों और अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोहों से जुड़े हैं। एसएसपी ने कहा कि कोर्ट से पुलिस रिमांड मिलने के बाद इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पता
- अंकित गुर्जर, निवासी ग्वालियर
- अजय शर्मा, निवासी धौलपुर राजस्थान
- सौरभ कुमार सेजवाल, निवासी धौलपुर राजस्थान
- सौरभ श्रीवास, निवासी मुरैना

