कैथल जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की पहल पर इंटरनेशनल मैथ ओलंपियाड कोचिंग के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा में 1409 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राकेश कथूरिया, कैथल। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की पहल पर इंटरनेशनल मैथ ओलंपियाड कोचिंग कार्यक्रम के अंतर्गत प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। डीसी अपराजिता के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार की विशेष पहल से आयोजित इस परीक्षा में जिले के छहों खंडों से कुल 1409 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी
जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार ने कहा कि जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना शिक्षा विभाग की प्राथमिकता है। कोचिंग कार्यक्रम विद्यार्थियों में गणितीय दक्षता, तार्किक चिंतन तथा समस्या समाधान कौशल विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
छहों खंडों से रही भागीदारी
उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा में ब्लॉक कलायत से 296, सीवन से 272, पूंडरी से 234, कैथल से 231, गुहला से 208 तथा राजौंद से 168 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
चयनितों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी छत्तर पाल ने बताया कि जिले के सभी खंडों में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रवेश परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की गणितीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने कहा कि डीसी अपराजिता के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और विशेष शैक्षणिक अभियानों का सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों की बढ़ती भागीदारी के रूप में स्पष्ट दिखाई दे रहा है। यह कार्यक्रम जिले के विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा।


