सोनीपत के स्वर्णप्रस्थ संग्रहालय में अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के मौके पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों के लिए निशुल्क प्रवेश सेवा की शुरुआत की गई।
संजीव घनगस, सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत स्थित स्वर्णप्रस्थ संग्रहालय में सोमवार (18 मई) को अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस का शानदार आयोजन किया गया। इस विशेष समारोह में अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय से परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और स्कूली बच्चों के लिए संग्रहालय में निशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की शुरुआत की। इस खास मौके पर ब्यूटीफिकेशन सोसाइटी के सदस्यों ने संग्रहालय में आने वाले सभी मेहमानों और अध्यापकों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
संग्रहालय में संजोई गई है 17 गैलरियों की अलौकिक विरासत
ब्यूटीफिकेशन सोसाइटी के सदस्य सचिव राजेश खत्री ने मुख्य अतिथि और स्कूली बच्चों का अभिनंदन करते हुए संग्रहालय की 17 विभिन्न गैलरियों में स्थापित प्राचीन वस्तुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्य अतिथि कुलदीप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संग्रहालय हमारे समाज में सामाजिक सद्भाव, कल्याण, पारिस्थितिक सततता और मानव पर्यावरण के प्रति सम्मान का दृष्टिकोण विकसित करने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि सोनीपत का यह संग्रहालय एक ऐसा अनूठा स्थान है जहां हमारी मूर्त और अमूर्त विरासत को बेहद सौंदर्यपूर्ण वातावरण में प्रस्तुत किया गया है।

महाभारत कालीन इतिहास और नागरिकों का अनूठा योगदान
परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह ने पुरानी ऐतिहासिक वस्तुओं के बेहतरीन संग्रह की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस अलौकिक स्थल पर आकर पर्यटकों को प्राचीन इतिहास से रूबरू होने का एक बेहतरीन अवसर मिलेगा। इस दौरान उन्होंने ब्यूटीफिकेशन सोसाइटी के सदस्य सचिव राजेश खत्री के कठोर प्रयासों की सराहना की। वहीं, राजेश खत्री ने बताया कि देश-दुनिया के पर्यटक यहाँ आकर महाभारत कालीन स्वर्णप्रस्थ के समृद्ध इतिहास को करीब से जान सकते हैं। उन्होंने बताया कि शहर के सकारात्मक सोच वाले नागरिकों ने अपने घरों से सैकड़ों वर्ष पुरानी करोड़ों रुपये कीमती वस्तुएं इस संग्रहालय को निशुल्क दान की हैं।
स्वतंत्रता सेनानी परिवार का सम्मान और गणमान्य जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान इतिहास और देश के प्रति योगदान को सम्मान देते हुए स्वतंत्रता सेनानी परिवार से आईं ललिता कौशिक को ब्यूटीफिकेशन सोसाइटी के संयुक्त सचिव जसबीर सिंह खत्री ने स्मृति चिन्ह सौंपकर सम्मानित किया। उन्होंने वहां मौजूद सभी स्कूली बच्चों से आह्वान किया कि वे अपनी गौरवशाली हिस्ट्री से जुड़े रहने के लिए भविष्य में भी इस संग्रहालय में आते रहें। इस गौरवमयी समारोह के दौरान विशेष सहयोगी रितेश, योगी बाबा सतपाल नाथ, सुनील कुमार, अध्यापिका अनीता, अध्यापक रविन कुमार, कृष्ण कुमार सैनी, सरीता, गार्ड सोमबीर, ऊषा और सीमा सहित कई स्कूलों के बच्चे तथा शिक्षक मुख्य रूप से मौजूद रहे।

