नूंह में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में प्राचार्यों की बैठक हुई। मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के 2600 विद्यार्थी सामूहिक योग प्रदर्शन करेंगे।

सोनू वर्मा, नूंह। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं प्रभावी आयोजन को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योग दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा, विद्यार्थियों की भागीदारी, रिहर्सल व्यवस्था तथा अनुशासन संबंधी दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारी ने सभी प्रभारियों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, एकाग्रता एवं सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए योग अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि इससे मानसिक तनाव कम होता है तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को नियमित रूप से योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जाए तथा योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही बताया कि 20 जून को आयोजित होने वाली फाइनल रिहर्सल में सभी प्रतिभागी विद्यार्थी प्रातः 6 बजे पुलिस लाइन ग्राउंड, नूंह पहुंचेंगे, जबकि 21 जून को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सामूहिक योग प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान सुरक्षा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 2600 विद्यार्थी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन में स्वास्थ्य जागरूकता, फिटनेस तथा योग के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित किया जाएगा। इस अवसर पर, जिला असिस्टेंट एजुकेशन ऑफिसर (खेल) डॉ. अमित यादव सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

इस महत्वपूर्ण बैठक में डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, माउंट अरावली स्कूल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घासेड़ा, राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हिंदू विद्या नेत्रन तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेड़ा के प्राचार्य एवं स्कूल प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को भव्य और अनुशासित बनाने का संकल्प लिया। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग आपसी समन्वय के साथ इस आयोजन को सफल बनाने के लिए मुस्तैद है।