कुछ लोग इसे अपने शरीर को फिट रखने का माध्यम मानते हैं तो कुछ मानसिक शांति पाने का जरिया, लेकिन रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग एक जन आंदोलन के रूप में नजर आया। चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में सुबह की पहली किरण के साथ ही पार्कों, संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और सीमा चौकियों पर हजारों लोगों ने एक साथ योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित तिरंगा अर्बन पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने भी योग सत्र में शामिल होकर नागरिकों से नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
हरियाणा में राज्य स्तरीय आयोजन पंचकूला में हुआ, जहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंत्रिमंडल के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ योगाभ्यास किया। प्रदेश के अन्य जिलों में भी मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेकर योग के प्रति लोगों को जागरूक किया।
पंजाब में योग दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। जालंधर के निकट लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ योग किया। वहीं अमृतसर के अटारी बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने जीरो लाइन के समीप योग कर देशवासियों को फिट और अनुशासित जीवन का संदेश दिया।
चंडीगढ़ स्थित पीजीआईएमईआर में सीसीआरवाईएन के सहयोग से आयोजित सामूहिक योग सत्र में डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों, छात्रों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके अलावा योग दिवस की पूर्व संध्या पर सुखना झील पर आयोजित ‘लिवाथॉन-योग फॉर लाइफ’ कार्यक्रम में 350 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में योगाभ्यास किया।

शहर भर में 100 से अधिक स्थानों पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, योग संगठनों और गैर-सरकारी संस्थाओं द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। चंडीगढ़ प्रेस क्लब में भी योगाचार्य बलविंदर कुमार ने पत्रकारों और उनके परिवारों को योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ रही, जिसका उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ वृद्धावस्था, बेहतर शारीरिक क्षमता और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देना है। योग दिवस के आयोजनों ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि नियमित योग केवल बीमारी से बचाव ही नहीं, बल्कि बेहतर जीवन की कुंजी भी है।
- पुलिया में गिरते ही कंटेनर में लगी भीषण आगः जिंदा जला ड्राइवर, क्लीनर गंभीर रूप से घायल
- पाकिस्तान ने वाराणसी की ‘गंज शहीदा मस्जिद’ पर किया कमेंट, भारत का पलटवार, बोला- अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न करने वाले हमें मत सिखाओ
- गुरुग्राम में बड़ा हादसा टला: सुबह-सुबह बिजली के मीटरों में धमाका, शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग; जान बचाने के लिए घरों से भागे लोग
- मंत्रियों के बड़े बंगलों में शुमार 39 हार्डिंग रोड में शिफ्ट होंगी राबड़ी देवी, लालू की सेहत का रखा जा रहा पूरा ख्याल
- दरबार साहिब में अरदास, जालंधर में चुनावी हुंकार; नितिन नवीन बोले- पंजाब में भी खिलेगा कमल
