सोनीपत के पुलिस लाइन ग्राउंड में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने पौधरोपण कर शुभारंभ किया और योग को भारत की वैश्विक पहचान बताया।

संजीव घनगस, सोनीपत। 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिला पुलिस लाईन ग्राउंड, सोनीपत में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा योग साधकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा भारी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सभी ने प्रशिक्षकों की देखरेख में International Yoga Day Sonipat के इस विशेष मंच पर पूरी निष्ठा के साथ योगाभ्यास किया।

योग भारत की प्राचीन अमूल्य धरोहर

राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मकता, अनुशासन और संतुलन के साथ जीने की कला है। उन्होंने कहा कि योग वह अमूल्य विद्या है, जिसे हमारे ऋषि-मुनियों ने हिमालय की तपोभूमि में साधना के माध्यम से खोजा था। सदियों पूर्व महर्षि पतंजलि ने योग सूत्रों के माध्यम से अष्टांग योग का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित स्वरूप विश्व को प्रदान किया था। उन्होंने कहा कि यदि महर्षि पतंजलि योग के आध्यात्मिक जनक हैं तो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आधुनिक युग में योग के वैश्विक पुनर्जागरण के पुरोधा हैं, जिन्होंने आश्रमों और पुस्तकों तक सीमित योग को जन-जन तक पहुंचाकर इसे वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।

विश्व मंच पर देश की सॉफ्ट पावर

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था, जिसमें योग को भारत की प्राचीन परंपरा का अमूल्य उपहार बताते हुए मनुष्य और प्रकृति के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम बताया गया। प्रधानमंत्री के इस प्रस्ताव को 175 देशों का अभूतपूर्व समर्थन प्राप्त हुआ और संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया। यह भारत की सांस्कृतिक विरासत, बढ़ते वैश्विक सम्मान और विश्व मंच पर देश की सॉफ्ट पावर का सशक्त उदाहरण है। आज हिमालय से लेकर न्यूयॉर्क और पेरिस के एफिल टावर तक पूरी दुनिया योग के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक शक्ति को नमन कर रही है।

इस वर्ष की विशेष योग थीम

उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी Aging” है, जो जीवन के प्रत्येक पड़ाव पर स्वस्थ रहने का संदेश देती है। अच्छा स्वास्थ्य किसी एक दिन या एक उम्र की आवश्यकता नहीं, बल्कि जीवनभर की सबसे बड़ी पूंजी है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति न केवल वर्तमान को बेहतर बनाता है, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए भी अच्छे स्वास्थ्य की मजबूत नींव रखता है। वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली, तनाव और असंतुलित दिनचर्या के कारण कम उम्र में ही अनेक बीमारियां लोगों को प्रभावित कर रही हैं। ऐसे में योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।

नशामुक्त और स्वस्थ हरियाणा का निर्माण

राज्यसभा सांसद ने कहा कि हरियाणा योग को जन-जन तक पहुंचाने में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रदेश में हरियाणा योग आयोग का गठन कर गांव-गांव योगशालाओं की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया, जबकि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को खेल, स्वास्थ्य और योग से जोड़ते हुए योगयुक्त एवं नशामुक्त हरियाणा के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में योग ही तनाव, अवसाद और विभिन्न बीमारियों से बचाव का सबसे बड़ा कवच है। जब व्यक्ति स्वस्थ होता है तो परिवार और पूरा समाज मजबूत बनता है।

युवाओं से प्रतिदिन योगाभ्यास की अपील

योग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि-मुनियों की अनमोल देन है, जिसे आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे मोबाइल और आधुनिक जीवनशैली की व्यस्तताओं से समय निकालकर प्रतिदिन योग करें तथा अपने परिवार और समाज को भी योग से जोड़ें, ताकि स्वस्थ हरियाणा और विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सके। इस दौरान उपस्थित प्रतिभागियों ने वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना और योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन, वज्रासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, प्राणायाम तथा ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया।

कार्यक्रम में शामिल मुख्य अधिकारीगण

कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने विभिन्न आयु वर्गों के उत्कृष्ट योग साधकों को सम्मानित भी किया तथा जिला प्रशासन, आयुष विभाग और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पुलिस आयुक्त ममता सिंह, उपायुक्त नेहा सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा, डीसीपी नरेंद्र सिंह, सीटीएम सिमरन, तहसीलदार कीर्ति, एसीपी अजीत व राजदीप मोर, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ रामावतार, डॉ संजय शर्मा, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार, प्रो. सुभाष सिसोदिया, शिक्षा विभाग से एईओ रामबीर, डीपीई राकेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति मुख्य रूप से मौजूद रहे।