रेवाड़ी जिला प्रशासन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 15 जून को योग मैराथन और 16-18 जून तक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने जा रहा है। डीसी अभिषेक मीणा ने सभी वर्गों से इसमें भाग लेने की अपील की है।

धनेश विद्यार्थी, रेवाड़ी। जिला प्रशासन और आयुष विभाग द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उपायुक्त अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में इस बार योग को एक जन आंदोलन के रूप में मनाया जाएगा, ताकि प्रत्येक नागरिक इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना सके। इस क्रम में, 15 जून को सुबह 6:30 बजे जिला स्तरीय योग मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यह मैराथन राव तुलाराम स्टेडियम से शुरू होकर पंडित नेकी राम चौक होते हुए पुनः स्टेडियम पर संपन्न होगी। इस आयोजन में स्कूल-कॉलेज के छात्रों, पुलिसकर्मियों, एनसीसी कैडेट्स और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के विशेष निर्देश दिए गए हैं।

योग मैराथन और प्रशिक्षण का कार्यक्रम

डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि 15 जून की मैराथन के बाद 16 से 18 जून तक जिले में तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। विशेष रूप से 17 जून को जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंत्री, सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को शामिल होने का निर्देश दिया गया है। योग के प्रति युवाओं को प्रेरित करने के लिए नेहरू युवा केंद्र, स्काउट्स एवं गाइड्स और योग संस्थानों को भी सक्रिय रूप से जोड़ा जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य केवल सरकारी कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति समाज में एक सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है।

मुख्य कार्यक्रम और अंतिम रिहर्सल तैयारी

जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की सफलता के लिए समयबद्ध तैयारियां पूरी की जा रही हैं। डीसी ने बताया कि 20 जून को मुख्य कार्यक्रम से पहले एक पायलट रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके उपरांत, 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला, उपमंडल और ब्लॉक स्तर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में योग विशेषज्ञों द्वारा योग प्रोटोकॉल का पालन कराते हुए आमजन को योगाभ्यास कराया जाएगा। उपायुक्त ने सभी विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि योग दिवस के इन कार्यक्रमों को सफल बनाने में कोई कसर न छोड़ी जाए और अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ा जाए।