पीयूष जायसवाल,नागदा(उज्जैन) नागदा-रतलाम रेल मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक पर तैनात गेटमैन की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि ड्यूटी के दौरान गेटमैन नशे की हालत में था और चार से पांच ट्रेनें गुजर जाने के बाद भी रेलवे फाटक नहीं खोला। इसके चलते फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

READ MORE: पड़ोसी विवाद में युवक को जेल भेजना पड़ा पुलिस को भारीः खजराना ACP को हाईकोर्ट की सख्त फटकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेनें गुजरने के बाद भी जब काफी देर तक फाटक नहीं खुला तो लोगों ने रेलवे केबिन में जाकर देखा। आरोप है कि वहां तैनात गेटमैन नशे की हालत में बेपरवाह बैठा मिला। इससे नाराज लोगों ने मौके पर ही विरोध जताया और रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्थानीय लोग स्टेशन मास्टर एवं अन्य अधिकारियों से फोन पर शिकायत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लोग गेटमैन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

READ MORE: फर्जी आधार, फर्जी माता-पिता और फर्जी शादी… 16 साल की बच्ची को 21 साल की दिखाकर कराया सौदा, इंदौर पुलिस ने मानव तस्करी गैंग का किया भंडाफोड़   

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति पर ध्यान नहीं दिया जाता तो यह लापरवाही किसी बड़े रेल या सड़क हादसे का कारण बन सकती थी। उनका आरोप है कि ड्यूटी के दौरान इस तरह की लापरवाही यात्रियों और आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ है।

हालांकि, इस मामले में रेलवे प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम की जांच और दोषी कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m