लखनऊ. दिवाली से पहले इंवेस्ट यूपी के आउटसोर्स कर्मचारियों को वेतन बढ़ोतरी का तोहफा मिल सकता है. कर्मचारियों के मासिक मानदेय में 20 से 60 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया गया है. इसे मंजूरी के लिए स्टीयरिंग कमिटी के सामने रखा गया है. एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, कमिटी की मंजूरी मिलने के बाद प्रस्ताव लागू किया जाएगा. इससे अलग-अलग पदों पर काम करने वाले कर्मचारियों की सैलरी बढ़ेगी.

इसे भी पढ़ें- यूपी: POCSO पीड़िता को 3 लाख रुपये मुआवजा देना होगा, मेडिकल रिपोर्ट में चोट नहीं मिलने पर भी हाईकोर्ट का आदेश

जनवरी 2026 से बढ़ी सैलरी का लाभ

प्रस्ताव के मुताबिक, कर्मचारियों को जनवरी 2026 से बढ़े हुए मानदेय का लाभ देने की तैयारी है. अक्टूबर तक का एरियर भी दिया जाएगा. हालांकि, इसके लिए स्टीयरिंग कमिटी की मंजूरी जरूरी है. मंजूरी के बाद ही भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

ऑफिस बॉय से कोऑर्डिनेटर तक बढ़ेगा मानदेय

प्रस्ताव में ऑफिस बॉय और प्यून का मानदेय 15,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये करने की बात है. कोऑर्डिनेटर का मानदेय 58,000 रुपये से बढ़ाकर 70,000 रुपये किया जा सकता है. जूनियर ऑडिटर (मीडिया) को अब 48,000 रुपये के बजाय 57,600 रुपये देने का प्रस्ताव है. सहायक प्रबंधक का मानदेय भी 58,000 रुपये से बढ़ाकर 69,600 रुपये करने की तैयारी है.

लेखा और कार्यालय कर्मचारियों को भी राहत

प्रबंधक लेखा का मानदेय 40,000 से बढ़ाकर 48,000 रुपये करने का प्रस्ताव है. लेखाकार को 30,000 के बजाय 36,000 रुपये मिल सकते हैं. स्टेनोग्राफर, वरिष्ठ सहायक और नाजिर का मानदेय 40,000 रुपये तक के मौजूदा स्तर के अनुसार बढ़ाकर 48,000 रुपये करने का प्रस्ताव है. कंप्यूटर ऑपरेटर का मानदेय 25,000 से बढ़ाकर 30,000 रुपये किया जा सकता है. वाहन चालक का मानदेय 18,600 से बढ़ाकर 21,600 रुपये करने की योजना है.

इसे भी पढ़ें- यूपी चुनाव 2027: कांग्रेस 170 सीटों पर लड़ेगी या 172 पर? अखिलेश यादव बोले- सच्चाई हमारे पास भी है

सहायक प्रबंधक आईटी की सैलरी में सबसे बड़ी बढ़ोतरी

सहायक प्रबंधक आईटी के मानदेय में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी का प्रस्ताव है. इसे 25,000 रुपये से बढ़ाकर 40,000 रुपये किया जा सकता है. यह करीब 60 प्रतिशत की वृद्धि होगी. वहीं, गार्ड-कम-केयरटेकर का मानदेय 8,013 से बढ़ाकर 10,416 रुपये करने का प्रस्ताव है. फिलहाल सभी कर्मचारियों को अंतिम मंजूरी का इंतजार है.