० सेटिंग वाले अभ्यर्थियों को बोकारो ले जाकर प्रश्न-उत्तर रटवाने का सामने आया था दावा, अभय तिवारी से पूछताछ जारी

रांची। JSSC CGL परीक्षा में कथित पेपर लीक और सेटिंग के मामले में CID की जांच अब बोकारो कनेक्शन पर केंद्रित होती नजर आ रही है। जांच एजेंसी ने गुरुवार को बोकारो के दो अधिकारियों को तलब कर उनके बयान दर्ज किए। दोनों अधिकारियों से पूछताछ के साथ ही सामने आई जानकारियों का क्रॉस वेरिफिकेशन भी किया गया। बयान दर्ज कराने के बाद दोनों अधिकारी वापस बोकारो लौट गए।

बोकारो में अभ्यर्थियों को रटाए गए थे सवाल-जवाब

जांच के दौरान CID को कथित तौर पर जानकारी मिली थी कि परीक्षा में सेटिंग कराने वाले कुछ अभ्यर्थियों को बोकारो ले जाया गया था। वहां उन्हें परीक्षा से जुड़े प्रश्न और उनके उत्तर पहले से याद कराने की बात सामने आई है। इस कड़ी में मामले के मास्टरमाइंड बताए जा रहे अभय कुमार तिवारी का नाम भी सामने आया था।

कई संदिग्ध CID के रडार पर

बोकारो से जुड़े कुछ अन्य आरोपित भी CID की जांच के दायरे में हैं। जांच एजेंसी ने इनसे संबंधित कई अहम जानकारियां जुटाई हैं। अधिकारियों के बयान दर्ज होने के बाद अब इन जानकारियों का मिलान मामले में सामने आए अन्य तथ्यों और आरोपितों से किया जा रहा है।

दो दिन की रिमांड पर अभय तिवारी

JSSC CGL मामले में अभय कुमार तिवारी को CID ने दो दिनों की रिमांड पर लिया है। रिमांड की अवधि शुक्रवार को समाप्त हो रही है। इसके बाद उसे दोबारा न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। रिमांड के दौरान जांच एजेंसी उससे पेपर लीक और कथित सेटिंग से जुड़े कनेक्शन को लेकर पूछताछ कर रही है।