Hardik Pandya gives 10 lakh check to wankhede groundstaff: हार्दिक पांड्या उन क्रिकेटर्स में शुमार हैं, जिन्होंने फर्श से अर्श तक का सफर तय किया. एक वक्त उनके पास क्रिकेट बैट और जूते खरीदने के पैसे नहीं होते थे, लेकिन कड़ी मेहनत के दम पर वो भारतीय क्रिकेट के सबसे घातक ऑलराउंडर बने हैं. आज उनके पास पैसा, रुतबा और नाम सबकुछ है. वो करोड़ों के मालिक हैं. हार्दिक मैदान पर जितने तूफानी और आक्रामक क्रिकेटर हैं, मैदान के बाहर उससे कहीं ज्यादा वह एक दिलदार इंसान हैं. हार्दिक यह अच्छे से जानते हैं कि बुरे वक्त में जो भी मदद करता है, उसे कभी भूलना नहीं चाहिए.

हार्दिक ने आईपीएल 2026 से ठीक एक दिन पहले एक ऐसा ही फैसला लिया है. उन्होंने अपना वह वादा निभाया, जो उन्होंने टी20 विश्व कप 2026 से पहले वानखेड़े स्टेडियम के ग्राउंडस्टाफ के सदस्यों से किया था. पांड्या ने 11 सदस्यों की मेहनत को सलाम किया और उन्हें 10-10 लाख रुपये के चेक बांटे हैं.
क्या था वह वादा और क्यों दिए 10-10 लाख के चेक?
हमने पहले देखा है कि क्रिकेट बोर्ड अच्छी पिच तैयार करने के लिए ग्राउंडस्टाफ को छोटा-मोटा इनाम देते हैं, लेकिन हार्दिक की कहानी थोड़ी अलग है. हार्दिक टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले कड़ी तैयारी कर रहे थे. इसके लिए वह वानखेड़े स्टेडियम में देर रात तक प्रैक्टिस करते थे. जब हार्दिक वर्ल्ड कप की तैयारी में जुटे थे, तब वानखेड़े स्टेडियम के ग्राउंडस्टाफ ने उनकी खूब मदद की थी.
वादा किया और निभाया भी
हार्दिक की तैयारी बेहतर हो सके, इसके लिए वानखेड़े के 11 ग्राउंडस्टाफ सदस्यों ने घंटों अतिरिक्त रुककर उनकी मदद की थी. वे देर रात तक वहां रुकते थे, ताकि हार्दिक की ट्रेनिंग में कोई कसर ना रहे. तभी हार्दिक ने वादा किया था कि वह इस मेहनत का कर्ज जरूर उतारेंगे. अब आईपीएल 2026 के लिए जब हार्दिक वानखेड़े स्टेडियम में पहुंचे, तो उन्होंने अपना वादा निभाया और उन सभी 11 सदस्यों को 10-10 लाख रुपये के चेक सौंपे, जिसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है. फैंस इस फैसले को लेकर हार्दिक की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
टी20 विश्व कप 2026 में हार्दिक ने क्या किया था?
टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया चैंपियन रही थी. उसने फाइनल में न्यूजीलैंड को मात देकर अपना खिताब डिफेंड किया था. हार्दिक पांड्या ने पूरे विश्व कप में गेंद और बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया था. हार्दिक ने 9 मैचों में 9 विकेट लिए थे, जबकि बल्ले से 160.74 के स्ट्राइक रेट से 217 रन बनाए थे, जिसमें 2 फिफ्टी शामिल थीं. हार्दिक के इस शानदार प्रदर्शन में कहीं ना कहीं इन ग्राउंडस्टाफ के सदस्यों की भी मेहनत रही.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

