IPL 2026: आईपीएल के मौजुदा सीजन में लखनऊ सुपर जाएंट्स का अब तक का सफर उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। ऋषभ पंत की कप्तानी में उतरी टीम से इस सीजन बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन लगातार खराब नतीजों ने टीम की स्थिति को कमजोर कर दिया है। अब तक खेले गए 8 मुकाबलों में एलएसजी सिर्फ 2 मैच ही जीत सकी है, जिससे वह अंक तालिका में पिछड़ती नजर आ रही है। टीम के कई प्रमुख खिलाड़ियों का उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन न कर पाना इसकी सबसे बड़ी वजह माना जा रहा है।

इसी बीच लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिश अब टीम से जुड़ चुके हैं। इंग्लिश, जो निजी कारणों की वजह से शुरुआती मुकाबलों में उपलब्ध नहीं थे, अब चयन के लिए तैयार हैं। उन्हें आईपीएल 2026 के प्लेयर ऑक्शन में एलएसजी ने 8.60 करोड़ रुपये में खरीदा था।

दरअसल, इंग्लिश अपनी शादी के चलते टीम से दूर थे। उनकी शादी 18 अप्रैल को वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के मार्गरेट रिवर में हुई थी। अब वे टीम के साथ जुड़ गए हैं और 4 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले मुकाबले में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। इससे टीम के मध्यक्रम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि पिछले आईपीएल सीजन में इंग्लिश पंजाब किंग्स का हिस्सा थे, जहां उन्होंने 11 मैचों में 30.88 के औसत से 278 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 162.57 का रहा, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का सबूत है।

मैथ्यू ब्रीत्जके स्वदेश लौटे

जहां एक ओर इंग्लिश के जुड़ने से टीम को मजबूती मिली है, वहीं दूसरी ओर एलएसजी को एक झटका भी लगा है। साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीत्जके निजी कारणों के चलते बीच टूर्नामेंट में ही स्वदेश लौट गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी पत्नी के परिवार के एक करीबी सदस्य के निधन के कारण उन्हें वापस जाना पड़ा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वे इस सीजन के बाकी मुकाबलों के लिए टीम से दोबारा जुड़ पाएंगे या नहीं।

ऐसे में लखनऊ सुपर जाएंट्स के सामने अब चुनौती दोहरी हो गई है, एक तरफ टीम को जीत की पटरी पर लौटना है, तो दूसरी ओर खिलाड़ियों की उपलब्धता से जुड़े उतार-चढ़ाव से भी पार पाना है। आगामी मुकाबलों में टीम के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी, खासकर यह देखने के लिए कि क्या इंग्लिश की एंट्री टीम की किस्मत बदल पाती है या नहीं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H