IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 43वें मुकाबले के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज काइल जेमिसन का आक्रामक जश्न विवादों में घिर गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्हें कड़ी फटकार लगाई है और आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी ठहराया है।
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराया। हालांकि मैच से ज्यादा चर्चा जेमिसन के व्यवहार को लेकर रही। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को बोल्ड कर दिया। वैभव, जिनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही थी, सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
दरअसल, ओवर की चौथी गेंद पर वैभव ने लॉन्ग ऑफ की दिशा में शानदार चौका लगाकर खाता खोला था, लेकिन अगली ही गेंद पर वे अंदर आती गेंद को सही से पढ़ नहीं सके और बोल्ड हो गए। इसके बाद जेमिसन ने बेहद आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया, वैभव के करीब जाकर उन्होंने पहले आंखें तरेरते हुए जोरदार हुंकार भरी और तालियां पीटते हुए नजर आए। उनके इस रिएक्शन ने मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों को चौंका दिया, जबकि खुद वैभव भी कुछ पल के लिए हैरान दिखे।
इस घटना का पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसपर तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं।
देखें VIDEO
जेमिसन के खिलाफ लिया गया एक्शन
मैच के बाद इस घटना पर संज्ञान लेते हुए BCCI ने जेमिसन को आचार संहिता के लेवल-1 का उल्लंघन करने का दोषी पाया। उन पर अनुच्छेद 2.5 के तहत कार्रवाई की गई, जो ऐसे व्यवहार से जुड़ा है जिससे विपक्षी खिलाड़ी को उकसाया जा सकता है। इसके तहत उन्हें आधिकारिक चेतावनी दी गई और उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया।
जेमिसन ने इस मामले में अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा दी गई सजा को मान लिया है। नियमों के अनुसार लेवल-1 के उल्लंघन में मैच रेफरी का फैसला अंतिम होता है, इसलिए अब इस मामले में आगे कोई सुनवाई नहीं होगी।
मैच की बात करें तो जेमिसन ने शुरुआती झटका जरूर दिया, लेकिन वह अपने स्पेल को प्रभावी बनाए रखने में सफल नहीं रहे। उन्होंने 4 ओवर में 48 रन खर्च करते हुए सिर्फ एक विकेट हासिल किया। दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स ने संतुलित प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

