CSK vs MI IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 44वें मुकाबले में आज लीग की दो सबसे सफल टीमें चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने अब तक 5-5 बार आईपीएल खिताब जीता है, यही वजह है कि इस भिड़ंत को अक्सर ‘एल क्लासिको’ कहा जाता है। हालांकि इस सीजन दोनों ही टीमों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है और हालात ऐसे हैं कि आज हारने वाली टीम के लिए प्लेऑफ की राह लगभग मुश्किल हो सकती है।

अंक तालिका पर नजर डालें तो चेन्नई ने अब तक 8 मैचों में 5 हार झेलते हुए 6 अंकों के साथ सातवें स्थान पर है। वहीं मुंबई की स्थिति और कमजोर है, टीम 8 में से 6 मुकाबले हारकर सिर्फ 4 अंकों के साथ नौवें स्थान पर है। इस सीजन दोनों के बीच यह दूसरी टक्कर होगी; पहले मैच में चेन्नई ने 103 रन से बड़ी जीत दर्ज की थी। ऐसे में CSK जहां जीत का सिलसिला बरकरार रखना चाहेगी, वहीं MI पिछली हार का हिसाब बराबर करने के इरादे से उतरेगी।

बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच यह मुकाबला चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले 7 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग इलेवन, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

संजू ने मुंबई के खिलाफ जड़ा था शतक

संजू सैमसन ने मुंबई के खिलाफ पिछले मुकाबले में शानदार शतक जड़ा था। वे इस सीजन 8 पारियों में 2 शतक के साथ 300 से अधिक रन बना चुके हैं और अपनी टीम के टॉप रन स्कोरर बने हुए हैं। ऐसे में आज CSK को एक बार फिर संजू से उसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद होगी। गेंदबाजी विभाग में जेमी ओवरटन और अंशुल कंबोज ने प्रभावित किया है। ओवरटन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 4/18 का बेहतरीन स्पेल डाला था, जबकि कंबोज 8 मैचों में 14 विकेट लेकर टीम के टॉप विकेट टेकर हैं।

रिकेल्टन से होगी मुंबई को उम्मीद

वहीं मुंबई इंडियंस के लिए टीम के ओपनर रायन रिकेल्टन ने 6 मैचों में 260 रन बनाकर सबसे ज्यादा योगदान दिया है। उन्होंने पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 55 गेंदों में नाबाद 123 रन की शानदार पारी खेली थी। गेंदबाजी में अल्लाह गजनफर 6 मैचों में 10 विकेट लेकर टीम के प्रमुख विकेट टेकर बने हुए हैं।

धोनी और रोहित के खेलने पर संशय बरकरार

एमएस धोनी सीजन से पहले अभ्यास के दौरान पिंडली में खिंचाव के चलते अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। शुरुआत में उनकी जल्द वापसी की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन अभी तक वे पूरी तरह फिट नहीं हो सके हैं। CSK के कोच माइकल हसी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से पहले कहा कि धोनी की रिकवरी अच्छी चल रही है और टीम को उम्मीद है कि वह जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगे, भले ही यह मैच शनिवार को हो या उसके बाद। वहीं रोहित शर्मा भी हैमस्ट्रिंग चोट से उबर रहे हैं। मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने के मुताबिक, रोहित की फिटनेस पर लगातार नजर रखी जा रही है और CSK के खिलाफ मुकाबले में उनकी उपलब्धता को लेकर अंतिम फैसला मैच से पहले मेडिकल टीम द्वारा लिया जाएगा।

चेपॉक की पिच रिपोर्ट

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) की पिच इस आईपीएल सीजन में बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार रही है। यहां अब तक खेले गए चार मैचों में से दो में पहली पारी का स्कोर 200 के पार गया, जबकि एक मुकाबले में 192 रन बने, जिससे साफ है कि इस मैदान पर हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकते हैं। नतीजों की बात करें तो संतुलन बना हुआ है, चार में से दो मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती, जबकि दो मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने अपने नाम किए। दूसरी पारी में ओस का असर भी काफी अहम रहता है, जिससे टॉस जीतने वाली टीम के लिए पहले बल्लेबाजी या गेंदबाजी चुनना आसान नहीं होता।

आईपीएल रिकॉर्ड्स पर नजर डालें तो इस मैदान पर अब तक 95 मैच खेले गए हैं, जिनमें 53 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि 42 मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम सफल रही है। टॉस जीतने वाली टीम ने 49 मुकाबले जीते हैं, जबकि 46 बार टॉस हारने वाली टीम भी जीत हासिल करने में सफल रही है। यहां का सर्वोच्च स्कोर 246/5 है, जबकि सबसे कम स्कोर 70 रन रहा है। सफल चेज में सबसे बड़ा स्कोर 210/5 है। इसके अलावा, प्रति विकेट औसत रन 26.26, प्रति ओवर औसत रन 8.12 और पहले बल्लेबाजी करते हुए औसत स्कोर 165.08 रहा है।

CSK और MI हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा भारी?

चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड बेहद कड़ा रहा है, लेकिन हल्का सा पलड़ा मुंबई का भारी दिखता है। आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 40 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें मुंबई ने 21 मैच जीते हैं, जबकि चेन्नई को 19 जीत मिली हैं। पिछले सीजन की बात करें तो दोनों के बीच 2 मैच हुए थे और दोनों टीमों ने 1-1 मुकाबला अपने नाम किया। वहीं चेपॉक में खेले गए 9 मैचों में भी मुंबई ने बढ़त बनाई हुई है, जहां मुंबई ने 5 मैच जीते हैं, जबकि चेन्नई को 4 जीत मिली हैं।

CSK और MI की प्लेइंग 11

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)

ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जेमी ओवरटन, अकील हुसैन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह

इम्पैक्ट प्लेयर: सरफराज खान

मुंबई इंडियंस (MI)

रायन रिकेल्टन, विल जैक्स, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), रॉबिन मिंज, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, अल्लाह गजनफर, अश्विनी कुमार

इम्पैक्ट प्लेयर: दानिश मलेवर

कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार Star Sports नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H