करनाल। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक करनाल करन गोयल, आईपीएस ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। जिला सचिवालय पहुंचने पर पुलिस टुकड़ी द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ हॉनर दिया गया।


पुलिस प्रवक्ता ने बताया की कार्यभार संभालने के उपरांत पुलिस अधीक्षक करन गोयल ने जिला में तैनात वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों से मुलाकात कर जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति तथा पुलिसिंग से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आईपीएस अधिकारी करन गोयल इससे पूर्व डीसीपी वेस्ट,गुरुग्राम के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

इस अवसर पर एएसपी रविंद्र कुमार,अधिकारियों,उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय संदीप सिंह,उप पुलिस अधीक्षक शहर राजीव कुमार, उप पुलिस अधीक्षक महावीर सिंह, उप पुलिस अधीक्षक गोरखपाल, उप पुलिस अधीक्षक सतीश कुमार गौतम सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक करन गोयल ने अपनी प्राथमिकताओं के संबंध में कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों की प्रभावी रोकथाम करना तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कानून का उल्लंघन करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि करनाल पुलिस द्वारा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, आपराधिक वारदातों का शीघ्र खुलासा, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी तथा अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए जनसुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य करनाल जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाना है। अपराध नियंत्रण, जन-सुरक्षा तथा पुलिस कर्मियों की कार्यक्षमता में निरंतर सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
करनाल पुलिस अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए जिले में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.