पटना। ​राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पोते और तेजस्वी यादव के पुत्र इराज लालू यादव का पहला जन्मदिन आज गाजियाबाद के रागिनी विला में बेहद भव्य रूप से मनाया जा रहा है। यह आयोजन लालू यादव की बेटी रागिनी और दामाद राहुल यादव के आवास पर हो रहा है। इस विशेष अवसर के लिए पूरा लालू परिवार रविवार को ही गाजियाबाद पहुंच चुका है। तेजप्रताप भी जन्मदिन में शामिल होंगे।

​राजनीतिक एकजुटता का मंच

​इस जन्मदिन की पार्टी को केवल एक पारिवारिक आयोजन नहीं बल्कि लालू यादव की सोची-समझी राजनीतिक चाल के रूप में देखा जा रहा है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राजद को मिली करारी हार के बाद लालू यादव का यह पहला बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम है। सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी, अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल और ममता बनर्जी जैसे विपक्ष के शीर्ष नेताओं को निमंत्रण भेजा गया है। लालू यादव इसके जरिए न केवल अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करना चाहते हैं बल्कि विपक्षी नेताओं को एक मंच पर लाकर यह संदेश भी देना चाहते हैं कि बिहार की राजनीति में उनकी पकड़ और नेटवर्क आज भी पहले की तरह मजबूत है।

​रोहिणी आचार्य पर टिकीं सबकी नजरें

​इस आयोजन का सबसे चर्चित और संवेदनशील पहलू रोहिणी आचार्य की उपस्थिति है। पिछले दिनों चुनाव में हार के बाद रोहिणी ने तेजस्वी के करीबी सहयोगियों, सांसद संजय यादव और रमीज पर तीखे सवाल उठाए थे जिससे परिवार में दरार और तनाव खुलकर सामने आ गया था। उस दौरान पटना एयरपोर्ट पर रोहिणी का भावुक होकर यह कहना कि उन्हें घर से निकाल दिया गया है काफी चर्चा में रहा था।
​अब इराज के इस जन्मदिन समारोह में रोहिणी आचार्य की मौजूदगी पर सबकी नजरें टिकी हैं। बताया जा रहा है कि खुद लालू यादव ने फोन कर उन्हें आमंत्रित किया है। ऐसे में यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि क्या यह आयोजन परिवार के बीच जारी तल्खी को खत्म कर रिश्तों में नरमी लाएगा या फिर राजनीतिक विरासत को लेकर चल रही आंतरिक कलह अभी भी जारी रहेगी। यह पार्टी भविष्य की पारिवारिक और राजनीतिक दिशा तय करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।