अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम टूटने और शांति वार्ता ठप पड़ने के बीच दोनों देशों के रिश्तों में तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी समाचार नेटवर्क CNN और Institute for Science and International Security (ISIS) की नई सैटेलाइट रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान ने पार्चिन सैन्य परिसर स्थित अपनी महत्वपूर्ण भूमिगत परमाणु सुविधा ‘तालेघान-2’ के पुनर्निर्माण और मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।
सैटेलाइट तस्वीरों में क्या दिखा?
रिपोर्ट के अनुसार, 12 जून की सैटेलाइट तस्वीरों में अमेरिकी बमबारी से बने तीन बड़े गड्ढों को अस्थायी रूप से ढका हुआ देखा गया। वहीं, हमले के बाद बचा एकमात्र प्रवेश मार्ग भी दोबारा तैयार किया गया। 18 जून की तस्वीरों में मलबा हटाने और सफाई अभियान चलता दिखाई दिया। इसके बाद 22 जून तक मरम्मत कार्य शुरू होने के संकेत मिले, जबकि 7 जुलाई की तस्वीरों में क्षतिग्रस्त छत पर क्रेन के जरिए निर्माण गतिविधियां साफ नजर आईं। ISIS का दावा है कि ईरान अब केवल नुकसान का आकलन नहीं कर रहा, बल्कि स्थायी पुनर्निर्माण की दिशा में आगे बढ़ चुका है।
अमेरिका ने दो बार किया था हमला
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने 11 मार्च को इस भूमिगत परिसर पर पहला हमला किया था, जिससे मुख्य सुविधा को भारी नुकसान पहुंचा। विस्फोट के कारण सुरक्षा दीवारें ढह गईं और आसपास की कई संरचनाएं भी क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके बाद 24 मार्च से 1 अप्रैल के बीच हुए दूसरे हमले में ‘तालेघान-1’ से जुड़ी फायर कंट्रोल और इंस्ट्रूमेंटेशन बिल्डिंग को भी नष्ट किए जाने का दावा किया गया।
क्या परमाणु समझौते का उल्लंघन हो रहा है?
विशेषज्ञों का मानना है कि किसी परमाणु-संबंधी परिसर की मरम्मत या पुनर्निर्माण मात्र से यह साबित नहीं होता कि ईरान परमाणु समझौते का उल्लंघन कर रहा है। उल्लंघन तभी माना जाएगा, जब यह प्रमाणित हो कि इन गतिविधियों का उद्देश्य प्रतिबंधित परमाणु हथियार कार्यक्रम को आगे बढ़ाना है। फिलहाल ईरान ने CNN और ISIS की सैटेलाइट रिपोर्ट पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। ऐसे में इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी बाकी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

