मिडिल ईस्ट में युद्धविराम के बावजूद ईरान और अमेरिका के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। एक ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार ईरान को चेतावनी दे रहे हैं, वहीं तेहरान भी कड़े तेवर अपनाए हुए है। अब ईरान की ओर से अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत का बदला लेने की खुली चेतावनी सामने आने के बाद क्षेत्रीय हालात फिर चर्चा में हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी मीडिया ने सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहम्मद बाकर जोलकद्र के हस्ताक्षर वाला एक संदेश जारी किया है। संदेश में कहा गया है कि “अयातुल्लाह अली खामेनेई के खून का बदला उनके हत्यारों से निश्चित रूप से लिया जाएगा।” इस बयान ने अमेरिका-ईरान संबंधों में नई तल्खी पैदा कर दी है।
खामेनेई की मौत के बाद बढ़ा तनाव
रिपोर्टों के अनुसार, 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस हमले में ईरान के कई वरिष्ठ सैन्य और सरकारी अधिकारियों के भी मारे जाने की जानकारी सामने आई थी। खामेनेई का अंतिम संस्कार 4 से 8 जुलाई के बीच आयोजित किया जाएगा।
अमेरिका से बातचीत पर ईरान का साफ इनकार
ईरान ने स्पष्ट कर दिया है कि वह फिलहाल अमेरिका के साथ प्रत्यक्ष वार्ता नहीं करेगा। तेहरान का आरोप है कि अमेरिका ने पहले हुए समझौते (MoU) की शर्तों का पालन नहीं किया है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि जब तक वादों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक किसी भी स्तर की बातचीत संभव नहीं होगी।
क्या है ईरान की नई शर्त?
ईरान का कहना है कि जब तक लेबनान से इजरायली सेना की वापसी नहीं होती, तब तक अमेरिका के साथ वार्ता शुरू नहीं की जाएगी। इसी कारण दोहा में प्रस्तावित अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधिमंडलों की बैठक नहीं हो सकी। अमेरिकी पक्ष की ओर से विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेयर्ड कुशनर मौजूद रहे, लेकिन ईरानी प्रतिनिधियों ने बातचीत से इनकार कर दिया।
ट्रंप का दावा, वार्ता सही दिशा में
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर कूटनीतिक प्रयास सकारात्मक दिशा में बढ़ रहे हैं। हालांकि, दोनों देशों के हालिया बयानों से स्पष्ट है कि राजनीतिक अविश्वास अब भी कायम है और क्षेत्र में स्थायी शांति की राह आसान नहीं दिख रही।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

