राजधानी में होने वाले भारत और अफगानिस्तान के बीच अंतरराष्ट्रीय T-20 मुकाबले की तारीख बदलने की मांग की गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) से मैच को किसी दूसरी तारीख पर शिफ्ट करने का अनुरोध किया है। भारत और अफगानिस्तान के बीच यह मुकाबला 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में प्रस्तावित है। इसी दौरान राजधानी में BRICS शिखर सम्मेलन भी होना है। समिट के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर बढ़ने वाले दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने मैच की तारीख बदलने का सुझाव दिया है।

9 सितंबर को DDCA को लिखा पत्र

इस संबंध में DCP ट्रैफिक (सेंट्रल रेंज) ने 9 सितंबर को DDCA के सचिव को पत्र लिखा। पत्र में BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान मैच आयोजित कराने में आने वाली संभावित चुनौतियों और ट्रैफिक प्रबंधन से जुड़ी दिक्कतों का उल्लेख किया गया है। ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि समिट के दौरान राजधानी में वीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा इंतजाम और कई मार्गों पर यातायात नियंत्रण के चलते मैच के आयोजन से अतिरिक्त दबाव पैदा हो सकता है। इसी को देखते हुए DDCA से मुकाबले की तारीख पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया गया है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) से मैच को किसी दूसरी तारीख पर शिफ्ट करने का अनुरोध किया है। भारत और अफगानिस्तान के बीच यह मुकाबला 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है। दरअसल, 12 और 13 सितंबर को दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन आयोजित होना है। समिट के लिए बड़ी संख्या में विदेशी डेलीगेट्स, खास मेहमान और VVIP के राजधानी पहुंचने की संभावना है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस को बड़े पैमाने पर सुरक्षा और यातायात इंतजाम करने होंगे। इसी को देखते हुए पुलिस ने DDCA से मैच की तारीख बदलने का अनुरोध किया है।

VVIP रूट से लेकर रूट क्लियरेंस तक बड़ी जिम्मेदारी

DCP ट्रैफिक (सेंट्रल रेंज) ने 9 सितंबर को DDCA सचिव को लिखे पत्र में समिट के दौरान प्रस्तावित ट्रैफिक इंतजामों का उल्लेख किया है। इनमें VVIP/VIP रूट का रेगुलेशन, ट्रैफिक डायवर्जन, रूट क्लियरेंस और विदेशी डेलीगेट्स तथा उनकी गाड़ियों की सुगम आवाजाही के लिए कर्मचारियों की तैनाती शामिल है। पुलिस के मुताबिक, BRICS से जुड़े ट्रैफिक रेगुलेशन, डायवर्जन, रूट क्लियरेंस और VVIP/VIP मूवमेंट के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारियों की पहले से ही बड़े स्तर पर तैनाती करनी होगी।

‘मैनपावर पर पड़ेगा अतिरिक्त दबाव’

पत्र में कहा गया है कि BRICS समिट और क्रिकेट मैच के लिए एक साथ ट्रैफिक व्यवस्था संभालने से उपलब्ध मैनपावर पर काफी अतिरिक्त दबाव पड़ेगा। इससे ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, इमरजेंसी एक्सेस और रूट क्लियरेंस जैसी व्यवस्थाओं में चुनौतियां पैदा हो सकती हैं। पुलिस ने DDCA को बताया है कि मैच के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने से स्टेडियम के आसपास यातायात का दबाव और बढ़ जाएगा।

25 से 35 हजार दर्शकों के आने की उम्मीद

ट्रैफिक पुलिस के पत्र के मुताबिक, भारत-अफगानिस्तान टी-20 मैच में करीब 25,000 से 35,000 दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में अरुण जेटली स्टेडियम और उसके आसपास के इलाकों में भारी ट्रैफिक दबाव बन सकता है। दर्शकों की आवाजाही के लिए भी अतिरिक्त ट्रैफिक इंतजाम करने होंगे। BRICS समिट के दौरान पहले से ही व्यापक ट्रैफिक प्रबंधन की जरूरत को देखते हुए पुलिस ने DDCA से मैच की तारीख बदलने का अनुरोध किया है।

स्टेडियम के आसपास पहले ही रहती है भीड़’

पुलिस ने अपने पत्र में बताया कि अरुण जेटली स्टेडियम, डीडीयू मार्ग, बीएसजेड मार्ग, मिंटो रोड, कमला मार्केट और आसपास की सड़कों पर पहले से ही वाहनों और पैदल यात्रियों की काफी आवाजाही रहती है। पत्र के मुताबिक, BSZ मार्ग, माता सुंदरी कॉलेज, राजघाट और बाल भवन के आसपास मैच से जुड़ा अतिरिक्त ट्रैफिक और पार्किंग होने से वाहनों के लिए उपलब्ध सड़क की जगह कम हो सकती है। इससे इन इलाकों में जाम की स्थिति पैदा होने की आशंका है।

‘किसी और तारीख पर मैच कराने पर विचार करें’

BRICS समिट के अंतरराष्ट्रीय महत्व और प्राथमिकता का हवाला देते हुए ट्रैफिक पुलिस ने DDCA से अनुरोध किया है कि समिट और उससे जुड़े ट्रैफिक इंतजाम पूरे होने के बाद किसी उपयुक्त तारीख पर मैच कराने या इसे आगे बढ़ाने पर विचार किया जाए। पुलिस के मुताबिक, ऐसा करने से संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा और विदेशी डेलीगेट्स, VVIPs तथा आम जनता की आवाजाही को सुरक्षित और सुगम बनाए रखने में मदद मिलेगी। पत्र में DDCA से दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर जल्द और सकारात्मक विचार करने को भी कहा गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m