इस्माइलाबाद में पुरानी रंजिश के चलते गोली का शिकार हुए गुलशन की सर्जरी करना डॉक्टरों ने खतरनाक बताया है। अब यह गोली जिंदगी भर उसके शरीर में ही रहेगी।

कुरुक्षेत्र। इस्माइलाबाद में पुरानी रंजिश के चलते गोली का शिकार बने डंपर चालक गुलशन उर्फ गुल्लू की जिंदगी अब पहले जैसी शायद कभी न हो सके। पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने साफ कर दिया है कि उसकी रीढ़ की हड्डी में फंसी गोली निकालना बेहद जोखिम भरा है। चिकित्सकों के मुताबिक गोली ऐसे संवेदनशील हिस्से में फंसी है कि ऑपरेशन के दौरान नस प्रभावित होने पर शरीर का हिस्सा काम करना बंद कर सकता है, यहां तक कि लकवे जैसी स्थिति भी पैदा हो सकती है। ऐसे में अब यह गोली जिंदगी भर उसके शरीर में रह सकती है।

खेड़ी शहीदां निवासी 27 वर्षीय गुलशन उर्फ गुल्लू ने बताया कि डॉक्टरों ने पहले ऑपरेशन की संभावना जताई थी, लेकिन विस्तृत जांच के बाद जोखिम को देखते हुए फिलहाल सर्जरी से इनकार कर दिया गया। चिकित्सकों का कहना है कि अभी गोली से कोई तत्काल जानलेवा खतरा नहीं है, इसलिए उसे शरीर में ही रहने देना ज्यादा सुरक्षित माना गया है। अब गुलशन को नियमित मेडिकल निगरानी में रखा जाएगा।

घटना को लेकर गुलशन ने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम वह डंपर लेकर इस्माइलाबाद बस अड्डे के पास पहुंचा था और एक रेहड़ी पर बर्गर खाने के लिए रुका था। तभी इस्माइलाबाद निवासी मनिंद्र सिंह अपने मामा उल्फत सिंह और एक अन्य साथी के साथ कार में वहां पहुंच गया। पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्षों में पहले बहस हुई और फिर हाथापाई की नौबत आ गई।
गुलशन का आरोप है कि मनिंद्र सिंह के हाथ में देसी पिस्तौल थी, जिसे देखकर वह जान बचाने के लिए पिहोवा रोड की तरफ भागा, लेकिन आरोपी पीछा करते रहे।

पीड़ित के मुताबिक पीछा करते हुए मनिंद्र सिंह ने दो फायर किए, जिनमें से एक गोली उसकी पीठ के बाईं ओर जा लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को पहले पिहोवा के निजी अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।

गुलशन ने आरोप लगाया कि करीब छह माह पहले उसके मित्र आदिल खान और मनिंद्र सिंह के बीच हुए विवाद की रंजिश में इस हमले को अंजाम दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना इस्माइलाबाद पुलिस ने मामा-भांजे समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, हालांकि समाचार लिखे जाने तक आरोपी गिरफ्त से बाहर बताए गए।