इन्द्रपाल सिंह, इटारसी। मध्य प्रदेश के इटारसी रेलवे जंक्शन के आउटर पर एक एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि ट्रेन को इटारसी स्टेशन से रवाना होने के बाद नाला मोहल्ला आउटर पर रोक दिया गया। घटना दोपहर करीब 12 बजकर 32 मिनट पर हुई। ट्रेन के पायलट ने इसकी जानकारी अपने अधिकारियों को मोबाइल पर दी।
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर एक्सप्रेस के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। यह ट्रेन गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जा रही थी। इसी दौरान इटारसी रेलवे जंक्शन के आउटर पर धुआं उठने लगा। इस संबंध में रेलवे स्टेशन प्रबंधक विनोद चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इंजन के अंदर एक कनेक्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण धुआं उठने लगा था। स्थिति को देखते हुए लोको पायलट ने सावधानी बरतते हुए ट्रेन को आउटर पर ही रोक दिया।
ये भी पढ़ें: देलावाड़ी घाट में भीषण हादसा: खाद्य तेल से भरा ट्रक गहरी खाई में पलटा, 1 की मौत
इसके साथ ही पायलट की ओर से इंजन को बंद कर दिया गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया और जांच शुरू की गई। ट्रेन को आउटर से वापस प्लेटफार्म पर लाया गया। जिस इंजन में धुंआ निकला था, उसके साथ दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को आगे के लिये सुरक्षित रवाना किया गया। करीब एक घंटे की देरी से ट्रेन को आगे के लिये रवाना किया गया। समय रहते पायलट की समझदारी से बड़ा हादसा होने से टल गया। इंजन में धुंआ निकलते देख ट्रेन में सवार यात्रियों ने हड़कंप देखने को मिला था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



