अनिल शर्मा, बराड़ा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) बराड़ा एट होली ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारत सरकार की राष्ट्रीय ग्रेडिंग में 10 में से 9.5 स्कोर प्राप्त किया है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ संस्थान ने देशभर में अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता साबित की है।
भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अंतर्गत प्रशिक्षण महानिदेशालय द्वारा जारी मूल्यांकन में संस्थान को चौथी श्रेणी में स्थान मिला है। यह ग्रेडिंग वर्ष 2025-26 के आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई, जिसमें संस्थान के प्रशिक्षण स्तर, प्लेसमेंट, आधारभूत सुविधाओं और कौशल विकास जैसे कई मानकों का आकलन किया गया।
संस्थान ने प्रवेश प्रतिशत, महिला सहभागिता, ट्रेड विविधता, उत्तीर्ण प्रतिशत, सीबीटी परीक्षा प्रदर्शन, डीएसटी नामांकन तथा एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी प्रशिक्षुओं की भागीदारी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन किया है, जिसके चलते उसे यह उच्च स्कोर प्राप्त हुआ है।
संस्थान के प्रधानाचार्य अश्वनी कुमार ने इस उपलब्धि पर सभी प्रशिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान आगे भी इसी तरह गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देकर युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करता रहेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले जुलाई 2025 में भी इस संस्थान को नॉर्थ ज़ोन की टॉप परफॉर्मिंग आईटीआई में शामिल किया गया था और भारत सरकार द्वारा प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया था। वर्तमान में नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं।

