भोजपुरी। संगीत के प्रेमियों के लिए अक्टूबर का अंतिम सप्ताह बेहद रोमांचक होने जा रहा है। आगामी 26 अक्टूबर को पटना के ऐतिहासिक बापू सभागार में ‘IVY भोजपुरी म्यूजिक अवॉर्ड्स 2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। याशी फिल्म्स के सौजन्य से होने वाले इस रंगारंग कार्यक्रम में भोजपुरी सिनेमा और संगीत जगत के कई दिग्गज एक ही मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।

​दिग्गजों का लगेगा मेला, चमकेंगे भोजपुरी के सितारे

​इस महाआयोजन में भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े नामों का जमावड़ा देखने को मिलेगा। सांसद व गायक मनोज तिवारी, ‘पावर स्टार’ पवन सिंह और दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के अलावा अरविंद अकेला कल्लू, रितेश पांडेय, राकेश मिश्रा, प्रमोद प्रेमी, गुंजन सिंह और रौशन रोही जैसे मशहूर गायक-कलाकार शिरकत करेंगे। महिला कलाकारों में मोनालिसा, आस्था सिंह, नीलम गिरी, सपना चौहान, मेघा श्री, डिम्पल सिंह और मशहूर गायिका शिल्पी राज की मौजूदगी कार्यक्रम में चार चांद लगाएगी।

​20 श्रेणियों में दिए जाएंगे पुरस्कार

​इस समारोह के दौरान कुल 20 अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। इनमें फिल्मों के साथ-साथ स्वतंत्र (इंडिपेंडेंट) संगीत, भक्ति गीत, पारंपरिक लोक संगीत, ट्रेंडिंग डांस नंबर्स और सोशल मीडिया पर छाए गीतों को शामिल किया गया है। केवल गायकों को ही नहीं, बल्कि संगीतकारों, गीतकारों और पर्दे के पीछे काम करने वाले रचनात्मक कलाकारों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

​बड़े मंच पर भोजपुरी संगीत को स्थापित करने की पहल

​IVY एंटरटेनमेंट के अध्यक्ष पार्था डे ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थापित कलाकारों के सम्मान के साथ-साथ उभरती हुई नई प्रतिभाओं को एक राष्ट्रीय पहचान देना है। वहीं, B4U के सीआरओ जॉनसन जैन के अनुसार, टेलीविजन और अवॉर्ड शो के जरिए क्षेत्रीय मनोरंजन को नया आयाम देने का प्रयास किया जा रहा है।

​स्पॉन्सर्स, डिजिटल और टीवी प्रीमियर

​इस अवॉर्ड शो को डाबर रेड टूथपेस्ट, APAR वायर्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, अडानी फॉर्च्यून, घड़ी डिटर्जेंट और बिहार राज्य फिल्म विकास निगम जैसे बड़े ब्रांड्स का समर्थन मिला है। बापू सभागार का यह कार्यक्रम जल्द ही IVY के डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और B4U भोजपुरी चैनल पर प्रसारित किया जाएगा, जिससे देश-विदेश में बैठे भोजपुरी दर्शक भी इसका आनंद ले सकेंगे।