कुमार इंदर, जबलपुर। मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर के लकड़गंज में बीती रात बदमाशों का आतंक देखने को मिला। जहां बदमाशों ने बीमार मां को धमकाया और जब बेटियां बचाने पहुंचीं, तो उनके साथ सरेराह जमकर मारपीट कर दी। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना बेलबाग थाना इलाके की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
पीड़ितों के मुताबिक, जब घर पर कोई नहीं था, तब तीन बदमाश जबरन घर में घुस गए। वहां मौजूद बीमार और सांस की मरीज बूढ़ी मां के साथ बदमाशों ने बदतमीजी की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घबराई मां ने जैसे ही अपनी बेटियों को फोन किया, दोनों बहनें तुरंत घर पहुंचीं। लेकिन बेखौफ बदमाशों ने दोनों बहनों को घेर लिया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें: थाने में हाई वोल्टेज इमोशनल ड्रामाः मां-भाई हाथ जोड़कर रोते रहे, प्रेमी संग बाइक पर फुर्र हुई बेटी
इस हमले में दोनों बहनों को गंभीर चोटें आई हैं। हद तो तब हो गई जब मारपीट के दौरान छोटी बहन के हाथ का ब्रेसलेट और कान की बाली भी गायब हो गई। आरोप है कि बदमाशों ने मारपीट के बहाने जेवर लूट लिए या वो कहीं गिर गए। लहूलुहान हालत में पीड़ित महिलाएं देर रात बेलबाग थाने पहुंचीं और नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। अब देखना होगा कि बेलबाग पुलिस इन बेखौफ बदमाशों को कब तक सलाखों के पीछे भेजती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

