शशांक द्विवेदी, खजुराहो। छतरपुर जिले के खजुराहो थाना परिसर में उस समय एक भावुक और दिल पसीजने वाला नजारा देखने को मिला, जब एक बालिग बेटी अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर अपने प्रेमी (पति) के साथ बाइक पर बैठकर रवाना हो गई। इस दौरान युवती की मां और उसका भाई उसे रोकने के लिए हाथ जोड़कर मिन्नतें करते रहे, पैर पड़ते रहे, लेकिन युवती अपने फैसले पर अडिग रही। इस पूरे वाकये का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

एक तरफ भाई का प्यार, दूसरी तरफ प्रेमी की जिद

दरअसल राजनगर थाना अंतर्गत भवुआ तालगांव की रहने वाली ज्योति अहिरवार ने नायगांव के रहने वाले देवेंद्र नामक युवक से प्रेम विवाह (लव मैरिज) कर लिया है। ज्योति बालिग है, जिसके कारण कानूनी रूप से वह अपना फैसला लेने के लिए स्वतंत्र है। शादी के बाद उपजे विवाद और बयान दर्ज कराने के सिलसिले में दोनों पक्ष खजुराहो थाना परिसर पहुंचे थे। थाना परिसर से बाहर निकलते समय का जो वीडियो वायरल हुआ है, वह किसी फिल्मी सीन जैसा है लेकिन उसमें बिखरा दर्द पूरी तरह हकीकत है।

इंदौर नगर निगम: नेता प्रतिपक्ष की ताजपोशी से पहले कांग्रेस में बड़ा धमाका, नव-नियुक्त नेत्री के भाई गिरफ्तार, सियासत गरमाई

भाई और मां के आंसू से दिल नहीं पिघला

वायरल वीडियो में ज्योति का भाई अपनी बहन का हाथ पकड़कर रोते हुए उसे घर वापस चलने के लिए मना रहा है। वहीं, बुजुर्ग मां भी बेबस होकर हाथ जोड़कर बेटी से रुकने की भीख मांग रही है। दूसरी तरफ, उसका प्रेमी (पति) देवेंद्र बाइक पर बैठा हुआ है और वह ज्योति का दूसरा हाथ पकड़कर उसे बाइक पर बैठाने की कोशिश कर रहा है। अपनों के आंसू भी ज्योति का दिल नहीं पिघला सके। वह अपने परिवार का हाथ छुड़ाकर देवेंद्र की बाइक पर पीछे बैठ गई और पलक झपकते ही वहां से चली गई।

बेटी के जाते ही आपस में लिपटकर रोया परिवार

जैसे ही ज्योति अपने प्रेमी के साथ रवाना हुई, थाना परिसर में ही उसका भाई और मां एक-दूसरे से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगे। मां-बेटे की यह बेबसी और आंसू देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। वीडियो के अंत में पुलिसकर्मी और वहां मौजूद अन्य लोग रोते हुए मां-बेटे को संभालते और समझाते हुए नजर आ रहे हैं।

मोदी कैबिनेट विस्तार की चर्चा तेज: MP से 1 और सांसद बनेंगे केंद्र में मंत्री! रेस में सबसे आगे तरुण चुघ का नाम

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m