कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां पति-पत्नी के विवाद में मां की हत्या हो गई। बताया जा रहा है कि बेटे ने ही अपनी मां को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फिलहाल आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह पूरा मामला सिहोरा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, गाड़िया मोहल्ले में पति और पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। यह देख मां बीच बचाव करने पहुंची। गुस्से से लाल बेटे ने घर पर रखे पंखे से अपनी मां पर हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गई। आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हुई।
ये भी पढ़ें: शादी के कुछ दिन बाद मायके गई दुल्हनें, फिर वापस नहीं लौटी ससुराल, मामला जानकर उड़ जाएंगे होश
सिहोरा पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि सिहोरा थाने के गाड़िया मोहल्ले में करन कोल नाम के व्यक्ति शराब पीने के बाद अपनी पत्नी से विवाद कर रहा था। इसी बीच उसकी मां गिरानी बाई कोल बीच बचाव में आई। गुस्से में आकर करन ने अपनी मां को लोहे के पंखे से सिर पर वार कर दिया। इलाज के दौरान गिरानी बाई की मौत हो गई। हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल आगे की विवेचना की जा रही है।

