इंदर कुमार, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर आई है। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम सहसन के पास अवैध रूप से खोदी गई एक खदान में डूबने से 14 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर शाहपुरा-पाटन मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

ये भी पढ़ें: सड़क नहीं, बच्चों के भविष्य की राह मांग रहे हैं साहब! ग्रामीणों ने विधायक का रास्ता रोककर लगाई गुहार

खेत से लौटते वक्त फिसला पैर, गड्ढे में समाया मासूम

जानकारी के अनुसार यह हृदयविदारक घटना ग्राम सहसन के पास की है। 14 साल का अंशु पटेल अपने खेत से घर वापस लौट रहा था। बारिश के कारण रास्ते में पानी भरा हुआ था। इसी दौरान अवैध रूप से अत्यधिक गहराई तक खोदी गई खदान के पास अचानक उसका पैर फिसल गया। खदान में बारिश का पानी लबालब भरा हुआ था, जिसमें डूबने से मासूम अंशु की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर लगाया जाम

अवैध खनन और लापरवाही से हुई इस मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शाहपुरा-पाटन मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

ये भी पढ़ें: लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 12 हजार रिश्वत लेते जूनियर इंजीनियर और लाइनमैन रंगे हाथों गिरफ्तार

मौके पर पहुंचा प्रशासन

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस व प्रशासन के अफसर आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराने और चक्काजाम खत्म कराने के प्रयास में जुटे हुए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m