इंदर कुमार, जबलपुर। जबलपुर जिले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए संभागायुक्त द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के बाद बड़ा प्रशासनिक एक्शन सामने आया है। निरीक्षण के दौरान शहरी क्षेत्र के ‘संजीवनी क्लीनिकों’ में भारी अनियमतिताएं और लापरवाही पाई गईं, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
ये भी पढ़ें: बेकाबू कार ने मंदिर से निकल रही महिलाओं को रौंदा: चालक को खंभे से बांधकर पीटा, कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे जाम
CMHO ने जारी किया नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब
संभागायुक्त के निर्देशों के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले शहरी स्वास्थ्य के नोडल अधिकारी और सहायक कार्यक्रम प्रबंधक समेत 7 चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी से 3 दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
ईस्ट कांजी हाउस में मिले 3 अनधिकृत सपोर्ट स्टाफ
निरीक्षण के दौरान ईस्ट कांजी हाउस स्थित संजीवनी क्लीनिक में गंभीर लापरवाही उजागर हुई। यहां नियम-विरुद्ध तरीके से 3 अनाधिकृत सपोर्ट स्टाफ कार्य करते पाए गए। सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में बाहरी लोगों की मौजूदगी को प्रशासनिक स्तर पर बेहद गंभीरता से लिया गया है।
गंगानगर क्लीनिक में पोर्टल पर दर्ज नहीं मिला डेटा
इसी तरह गंगानगर स्थित संजीवनी क्लीनिक के निरीक्षण में भी भारी अव्यवस्था सामने आई। वहां पदस्थ डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ पोर्टल पर मरीजों और इलाज से जुड़े डेटा की कोई सही जानकारी प्रस्तुत नहीं कर सके। डिजिटल रिकॉर्ड अपडेट न होने और कार्य में लापरवाही पर संबंधित स्टाफ को फटकार लगाई गई है।
ये भी पढ़ें: शहडोल में लापरवाही पर डबल एक्शन: कलेक्टर ने प्रधानाध्यापक, एसपी ने आरक्षक को किया निलंबित
CMHO डॉ. नवीन कोठारी ने स्पष्ट किया है कि 3 दिन के भीतर चित्तजनक जवाब न मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन व विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



